बेखौफ लुटेरों के हौंसले बुलंद, महिलाओं को बंधक बना 10 तोले सोने के गहने और नकदी लूट फरार, जांच में जुटी पुलिस
बठिंडाः पंजाब में चोरों के हौंसले बुलंद होते जा रहे हैं आए दिन चोर-चोरी लूटपाट और छीनाझपटी जैसी वारदातों को अंजाम देकर आसानी से फरार हो जाते हैं। ऐसे में पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान खड़े हो रहे हैं। ऐसा ही एक मामला स्थानीय नार्थ इस्टेट इलाके से सामने आया हैं यहां नकाबपोश लुटेरों ने चाकू की नोक पर एक ही परिवार की 3 महिलाओं को बंधक बनाकर चोरी की घटना को अंजाम दिया है। वारदात की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने अज्ञात लुटेरों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
वारदात संबंधी जानकारी देते हुए घर के मालिक राकेश कुमार ने बताया कि बीती रात वह किसी काम से घर से बाहर गया हुआ था। उनकी पत्नी मोनिका रानी, बेटी और भाभी जैतो में एक समारोह से लौटे थे और तीनों घर में मौजूद थे। रात करीब 2 बजे तेजधार हथियारों से लैस 2 नकाबपोश लुटेरे उनके घर में घुस आए और महिलाओं को चाकू की नोक पर बंधक बना लिया। इसके बाद लुटेरों ने उनके घर से करीब 10 तोले सोने के गहने, कुछ नकदी, मोबाइल फोन, लैपटॉप व स्कूटर आदि लूट मौके से फरार हो गए। यह सारी घटना गली में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई है।
मामले की जांच कर रहे थाना कैंट प्रभारी रविंदर सिंह ने बताया कि ऐसा लगता है कि लुटेरों को पता था कि घर में कोई आदमी मौजूद नहीं है। उन्होंने कहा कि पुलिस गली में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि अज्ञात लुटेरों के बारे में पता चल सके उन्होंने कहा कि जल्द ही लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा







