भारत के प्रधानमंत्री को जल्द मिलेगा नया पीएम आवास, दिल्ली के CM अरविंद केजरीवाल ने किया ‘प्रधानमंत्री एन्क्लेव’ का रास्ता साफ
नई दिल्ली -देश की राजधानी दिल्ली में सेंट्रल विस्टा के अधीन बन रहे प्रधानमंत्री के नए आवास का रास्ता पूरी तरह से साफ हो गया है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की तरफ से मामले में हरी झंडी मिलने के बाद अब राष्ट्र को नया प्रधानमंत्री आवास जल्द मिलने की राह आसान हो गई है। यह एक्जीक्यूटिव एंक्लेव दिल्ली के अतिसुरक्षित लुटियन्स जोन में आने वाले साउथ ब्लॉक के दक्षिण दिशा में प्लॉट नंबर 36/38 पर बन रहा है।
केजरीवाल सरकार ने प्रस्ताव को इस शर्त पर मंजूरी दी है कि एजेंसी को यहां से हटाए जाने वाले पेड़ों के बदले10 गुना पौधे लगाने होंगे। कार्यकारी एन्क्लेव का निर्माण केंद्र की महत्वाकांक्षी सेंट्रल विस्टा पुनर्विकास परियोजना के तहत किया जाएगा, जिसमें प्रधान मंत्री कार्यालय (पीएमओ), कैबिनेट सचिवालय, इंडिया हाउस और राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय के आवास, कार्यकारी एन्क्लेव पर अनुमानित 1,189 करोड़ रुपये खर्च होंगे।








