पंजाब सरकार की अवैध कब्जे वाली सरकारी जमीन को 31 मई तक खाली करने की अपील, बोले- नहीं तो होगी सख्त कार्रवाई
चंडीगढ़ : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शुक्रवार को पंचायती, शामलात, वन विभाग या अन्य किसी सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों से कब्जा छोड़ने की अपील की है। सीएम भगवंत मान ने शुक्रवार को ट्वीट कर कहा, पंजाब में पंचायती, शामलात, वन विभाग या अन्य किसी सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जा करने वालों से अपील है कि 31 मई तक अपना कब्जा छोड़ दें.. क्योंकि एक जून से सरकार सख्त कानूनी कार्रवाई करेगी।
एक प्रैस वार्ता में कैबिनेट मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल ने कहा कि जिस-जिस ने भी पंचायती जमीन पर कब्ज़ा किया हुआ है वह 31 मई तक छोड़ दे उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होगी। 31 मई के बाद जमीन ना छोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। 10 जून तक हमने 6000 एकड़ जमीन छुड़वानी है इसके कब्जा वारंट हमने जारी कर दिए हैं। किसी का घर नहीं गिराया जाएगा। जिसने पंचायती जमीन पर घर डाला हुआ है उससे जमीन का रेट डालकर कलेक्टर या मार्किट रेट के आधार पर पैसा ले लिया जायेगा। जो अपने आप जमीन छोड़ देंगे उन्हें जमीन दोबारा ठेके पर दी जाएगी। जो जमीन नहीं छोड़ेगा उससे ठेके से 20 गुणा ज्यादा पैसा रिकवर किया जाएगा।








