श्री करतारपुर साहिब के दर्शन कर लौटे श्रद्धालु से 3 लाख की पाकिस्तानी करंसी बरामद, पूछताछ में जुटी पुलिस
गुरदासपुरः सीमा सुरक्षा बल के जवानों को उस वक्त बड़ी सफलता हाथ लगी जब भारत-पाकिस्तान सीमा स्थित गुरुद्वारा श्री करतारपुर साहिब के दर्शन करके लौटे बुजुर्ग महिला व उसके पोते से बीएसएफ के जवानों ने तीन लाख रुपये की पाकिस्तानी करंसी बरामद की। दरअसल, पहले बीएसएफ को एक युवक से 1 लाख की पाकिस्तानी करंसी मिली थी। जब उससे पूछताछ की जा रही थी तो उसकी दादी उसका इंतजार कर रही थी। जब दादी की भी तलाशी ली गई तो उससे भी 2 लाख रुपए की पाकिस्तानी करंसी बरामद हुई।
जानकारी देते हुए बीएसएफ सेक्टर गुरदासपुर के डीआईजी प्रभाकर जोशी ने बताया कि डेरा बाबा नानक राष्ट्रीय सीमा की जीरो लाइन पर बने श्री करतारपुर पैसेंजर टर्मिनल पर तैनात बीएसएफ की 185 बटालियन के जवानों ने गुरुद्वारा श्री करतारपुर साहिब जी के दर्शन करके लौटे श्रद्धालु की चेकिंग की। इस दौरान उनसे एक लाख रुपये की पाकिस्तानी करंसी बरामद की गई।
बीएसएफ के मुताबिक इसके बाद व्हीलचेयर पर लाई जा रही महिला को दोबारा चेक किया गया तो उससे पाकिस्तान की दो लाख की और करंसी बरामद हुई। बुजुर्ग महिला की पहचान बावी देवी पत्नी स्व. चरणदास निवासी गांव जंडी जिला गुरदासपुर के रूप में हुई। उसके साथ उसका पोता पवन कुमार पुत्र तरसेम लाल भी था। अधिकारियों द्वारा पूछने पर उन्होंने बताया कि यह पाकिस्तानी करंसी उनके गुरुद्वारा श्री करतारपुर साहिब में मिले रिश्तेदार ने उन्हें उपहार के तौर पर दी है। वहीं, बुजुर्ग महिला व नौजवान को पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
डीआईजी प्रभाकर जोशी ने बताया कि उक्त बुजुर्ग महिला ने दो लाख रुपये की पाकिस्तानी करंसी अपने शरीर में छिपाकर रखी हुई थी। अधिकारियों ने बताया कि पाकिस्तानी करंसी को इस तरह से लाने की इजाजत नहीं है इसलिए उनसे पूछताछ की जा रही है।







