नवजोत सिंह सिद्धू राजपुरा थर्मल प्लांट के बाहर अकेले करेंगे प्रदर्शन, पंजाब प्रधान राजा वड़िंग से दूरी बरकरार
पटियालाः पंजाब कांग्रेस के पूर्व प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू चुनावों के बाद राजनीति स्तर पर एक्टिव नजर आ रहे हैं जिसके चलते सोमवार को सिद्धू कांग्रेस से नाराज चल रहे पूर्व विधायकों सहित राजपुरा-नाभा थर्मल प्लांट के आगे धरना प्रदर्शन करेंगे। खास बात यह है कि इस प्रदर्शन में कांग्रेस के पंजाब प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग नहीं होंगे। बता दें कि यह मोर्चा पूर्व पीपीसीसी द्दारा बिजली संकट के मुद्दों को लेकर आप सरकार के खिलाफ लगाया जा रहा है। राजपुरा प्लांट के बाहर इस धरने के मुख्य रूप से आयोजक राजपुरा के पूर्व विधायक हरदयाल सिंह कंबोज हैं। नवजोत सिद्धू के इस धरने में शिरकत संबंधी कंबोज ने कहा कि उन्होंने विशेष रूप से किसी को भी इस धरने के लिए आमंत्रित नहीं किया है। सिद्धू ने अपनी मर्जी से इस प्रदर्शन में शिरकत की।
जिक्रयोग्य है कि नवजोत सिद्धू इससे पहले भी राज्यपाल को मिलने अकेले ही चले गए थे। उन्होंने प्रदेश प्रधान वड़िंग या विपक्षी दल नेता प्रताप सिंह बाजवा को नहीं बुलाया। वहां भी सिद्धू ने बिजली संकट का मुद्दा उठाया था। सिद्धू ने कहा था कि पंजाब में बिजली संकट है। गांवों में सिर्फ 2 घंटे बिजली मिल रही है। अभी धान की बिजाई के वक्त 15 हजार मेगावाट बिजली की जरूरत होगी। वह कैसे पूरी होगी?। सिद्धू के रवैये पर पूर्व डिप्टी सीएम सुखजिंदर रंधावा समेत कई कांग्रेसियों ने सवाल उठाए थे। हालांकि सिद्धू इन सबको ठेंगा दिखाकर अपनी राजनीति चमकाने में जुटे हुए हैं।
गौरतलब है कि पिछले दिनों बेपरवाह हाईकमान ने सिद्धू को हटाकर अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को पंजाब का प्रधान बना दिया। इसके बाद से ही सिद्धू के बागी तेवर बरकरार है। पंजाब में पार्टी काे करारी हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद से ही सिद्दू के खिलाफ कई नेताओं ने मोर्चा खोल दिया था।







