बटाला में घर से सामान लेने गया 4 साल का बच्चा अगवा, दो बाइक सवारों ने दिया वारदात को अंजाम
बटालाः जिला गुरदासपुर के अंतर्गत आते बटाला में उस वक्त सनसनी फैल गई जब मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने एक साढ़े 4 साल के बच्चे को अगवा कर लिया। वहीं बच्चे के अपहरण सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने बाइक सवारों के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है। अगवा बच्चे की पहचान शुभमदीप सिंह के रूप में हुई है।
वहीं वारदात की जानकारी देते गांव डूडीपुर निवासी सलोनी ने बताया कि उनका साढ़े चार साल का बेटा शुभमदीप सिंह गांव नौशहरा मझा सिंह स्थित गुरु नानक पब्लिक हाई स्कूल में एलकेजी का स्टूडेंट है। उसके पति गुरदासपुर के नशा छुड़ाओ केंद्र में जॉब करते हैं। बीती शाम उनका बेटा गांव की ही करियाना शॉप पर कुछ सामान लेने गया था, लेकिन वह वापस नहीं लौटा। काफी ढूंढने के बाद भी वह नहीं मिला तो रात को पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। वहीं अगवा बच्चे की मां सलोनी ने बताया कि उनका तकरीबन 20 दिन पहले सर्बजीत कौर नामक महिला के साथ झगड़ा हुआ था। महिला ने उसी समय सलोनी को धमकी दी थी कि वह उसके बच्चे को उठवा लेगी। तकरीबन 20 दिन के बाद ही उसका बेटा अगवा हो गया। सेखवां थाने की पुलिस ने जांच के दौरान इलाके के लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला तो इस दौरान बच्चे को अगवा करने वाले दो बाइक सवारों की तस्वीर सीसीटीवी में सामने आई है। पुलिस ने सीसीटीवी को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है।







