देश में कोरोना वायरस ने पकड़ी रफ्तार, पिछले 24 घंटे में 58 हजार से ज्यादा नए मामलों की हुई पुष्टि, 534 लोगों की हुई मौत
नई दिल्लीः देशभर में कोरोना वायरस के मामलों में लगातार बढ़ौतरी दिखाई दे रही है। पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में 58 हजार 97 नए मामलों की पुष्टि हुई है। वहीं, इस जानलेवा वायरस से 534 लोगों की मौत हो गई है। अब तक देश में 4 लाख 82 हजार 551 लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है। पॉजिटिविटी रेट 4.18 प्रतिशत पहुंच गई है।
बता दें कि, 4 अक्टूबर को देश में 37 हजार 379 नए कोरोना के मामले सामने आए थे जबकि 124 लोगों की जान चली गई थी। इसके बाद देश में कुल कोविड-19 के मामले बढ़कर अब 3 करोड़ 49 लाख 60 हजार 261 हो गए हैं तो वहीं इस महामारी के चलते जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 4 लाख 82 हजार 14 हो गई थी।
गौरतलब है कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी कोरोना संक्रमित हो गए थे। हालांकि उन्होंने बताया कि उनमें अभी इसके हल्के लक्षण थे। केजरीवाल ने ट्विटर कर इसकी जानकारी दी थी। उन्होंने लिखा था, “मैं कोरोना से संक्रमित पाया गया हूं। मुझमें इसके हल्के लक्षण हैं। मैंने खुद को घर में आइसोलेट कर लिया है, जो लोग पिछले कुछ दिनों में मेरे संपर्क में आए, कृपया खुद को आइसोलेट करें और अपना टेस्ट करवाएं।’
मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी में करीब 5,481 नए मामले सामने आए थे। स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने इसकी जानकारी देते हुए बताया था कि प्रदेश में संक्रमण दर 8.37 प्रतिशत पर पहुंच गई है। एक दिन में टेस्ट पॉजिटिविटी रेट में करीब 2% की इजाफा दर्ज किया गया है। सोमवार को यह 6.46% था। बहरहाल, स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि कोविड-19 के बढ़ते मामलों के मद्देनजर वीकेंड कर्फ्यू के फैसले को लॉकडाउन नहीं माना जाना चाहिए।








