जेल में बंद नवजोत सिंह सिद्धू को बड़ा झटका, समय से पहले नहीं होगी रिहाई… पढ़ें पूरी खबर
चंडीगढः जेल में बंद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता नवजोत सिंह सिद्धू को बड़ा झटका लगा है। दरअसल, सिद्धू की रिहाई समय से पहले नहीं होने जा रही है और अब वह जेल में तय समय से पहले रिहा नहीं होंगे। सूत्रों के अनुसार शुक्रवार को हुई कैबिनेट में नवजोत सिंह सिद्धू की रिहाई को लेकर ना ही चर्चा हुई और ना ही उनकी फाइल को रिहाई पर विचार करने के लिए पेश किया गया। बता दें कि आजादी के अमृत महोत्सव के मौके पर केंद्र सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार, कैदियों की रिहाई को लेकर पंजाब के जेल विभाग द्वारा बनाई गई 51 कैदियों की लिस्ट में से सिर्फ 3 कैदियों को ही इस नियम के तहत रिहा करने की फाइलें ही क्लियर की गई और आगे गवर्नर के पास फाइनल अप्रूवल के लिए भेजी गई है।
पंजाब सरकार ने आजादी का अमृत महोत्सव के मौके पर दी जा रही विशेष छूट के तहत जिन तीन कैदियों को रिहा करने की मंजूरी दी है, उसमें लखबीर सिंह, रविंद्र सिंह और तसप्रीत सिंह को ही जल्द रिहाई की छूट दी गई है। पंजाब सरकार और जेल विभाग के नियमों के मुताबिक दी जाने वाली विशेष छूट के तहत अनिरुद्ध मंडल और शंभू मंडल नाम के दो कैदियों को भी जल्द रिहा होने की रियायत दी गई है। इन सबमें सिद्धू का नाम कहीं नहीं है।
गौरतलब है कि नवजोत सिंह सिद्धू को 34 साल पुराने रोडरेज केस में 19 मई, 2022 को सुप्रीम कोर्ट ने एक साल के कारावास की सजा दी थी। हालांकि, अपने एक साल की सजा के कार्यकाल के दौरान कोई पैरोल और फरलो नहीं लेने के कारण नवजोत सिंह सिद्धू अपनी सजा के तय वक्त 20 मई से करीब एक महीना पहले अप्रैल में रिहा हो सकते हैं।







