जालंधर में शरारतीतत्वों ने घरों के बाहर खड़ी गाड़ियों के शीशे तोड़े, जांच में जुटी पुलिस
जालंधरः महानगर में पुलिस की ढिलमुल कार्यप्रणाली के चलते अपारधियों के हौंसले बुलंद हैं और आए दिन चोरी, लूटपाट जैसी अन्य वारदातें होती रहती हैं जोकि महानगर में पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवालिया निशान लगा देती हैं। ऐसा ही एक मामला मंगलवार दोपहर को पठानकोट बाईपास के नजदीक उस वक्त देखने को मिला जब कुछ शरारतीतत्वों ने लवली आटो के पीछे शीतल अपार्टमेंट में खड़ी गाड़ियों के शीशे तोड़ दिये और मौके से फरार हो गए। हालांकि गाड़ियों में पड़ा सामान गाड़ी में ही था।
मामले की जानकारी देते शीतल अपार्टमेंट में रहने वाले लोगों ने बताया कि देर रात 2 युवक बाइक पर आए और उनके हाथ में रॉड थीं। युवक अपार्टमेंट में दोआबा चौक की तरफ से घुसे। युवकों ने वहां फ्लैट्स के नीचे खड़ी गाड़ियों के लोहे की रॉड से शीशे तोड़ डाले। गाड़ियों के शीशे टूटने की आवाज जब घरों में लोगों ने सुनी तो वह नीचे उतरे, लेकिन तब तक अराजक तत्व मौके से फरार हो चुके थे।
वहीं लोगों ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी निकलवाई है, लेकिन उसमें भी बाइक का नंबर और युवकों के चेहरे साफ दिखाई नहीं दे रहे हैं। लोगों ने बताया कि तोड़फोड़ की सूचना उन्होंने तुरंत पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ली, लेकिन अभी तक कारों के शीशे तोड़ने वालों का कोई अता-पता नहीं चला है।







