अब लुधियाना में चली गोली, जन्मदिन पार्टी कर रहे युवकों ने लोगों पर कर दी गोलियों की बौछार, एक घायल
लुधियानाः पंजाब में अब गोलियां चलना आम बात हो गई है, चाहे फिर गोली जश्न मनाने के लिए चलाई हों या फिर किसी वारदात में चली हो, जिससे लोगों में खौफ पैदा हो गया है। ऐसा ही एक मामला बीती रात लुधियाना में सामने आया, जहां जन्म दिन पार्टी मना रहे कुछ युवकों द्वारा शरेआम फायरिंग कर दी गई जिसमें एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है। इसके बावजूद भी हुल्लड़बाज युवकों द्वारा मोल्ले में खड़ी गाड़ियों की तोड़फोड़ की गई है। लोगों ने तुरंत इस मामले की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार देर रात कुछ युवक विजय नगर में सड़क पर जन्म दिन मना रहे थे। इन युवकों में से कुछ हुल्लड़बाजी करने लगे। मोहल्ले में शोर शराबा सुन लोग घरों से बाहर निकलकर उन्हें समझाने के लिए गए। इस दौरान हुल्लड़बाजी कर रहे युवकों ने लोगों से बहसबाजी शुरू कर दी। इसके बाद मामला बढ़ गया। युवकों ने लोगों पर सरेआम फायरिंग कर दी, जिसमें एक व्यक्ति घायल हो गया।
युवकों ने इस कदर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी के लोगों को अपना बचाव करने के लिए इधर-उधर भागना पड़ गया। इसी बीच मोहल्ले के एक युवक की बाजू को छूती हुई गोली निकल गई। इसके बाद उन्होंने मोहल्ले में खड़े वाहनों में तोड़फोड़ की। लोगों ने घरों में छिप कर अपनी जान बचाई। इलाका निवासी जसवीर सिंह ने बताया कि उसके घर के सामने कर्मसर कॉलोनी और पुनीत नगर पड़ता है। देर रात कुछ युवक जन्मदिन पार्टी मना हुल्लड़बाजी कर रहे थे।







