
केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, जत्थेदार ज्ञानी हरप्रीत सिंह को मिली जेड सिक्योरिटी… पढ़ें पूरी खबर
चंडीगढ़ः पंजाब में लगातार बढ़ रही कानून व्यवस्था और आए दिन हो रही लूटपाट हत्याओं को देखते हुए केंद्र सरकार द्वारा अब अकाली तख्त के जत्थेदार ज्ञानी हरप्रीत सिंह को जेड कैटागरी की सिक्योरिटी दी गई है। इस संबंधी केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा आज एक फैसला लिया गया है जिसके तहत उन्हें केंद्र की जेड श्रेणी की सिक्योरिटी मुहैया करवाई गई है। बता दें कि इससे पहले पंजाब की मान सरकार द्वारा कई वीआईपी की सिक्योरिटी में कटौती की गई थी, जिनमें जत्थेदार ज्ञानी हरप्रीत सिंह भी शामिल थे।
जानकारी अनुसार अकाल तख्त के जत्थेदार ज्ञानी हरप्रीत सिंह को केंद्र सरकार की ओर से सीआरपीएफ द्वारा यह सुरक्षा प्रदान की जाएगी। इस बाबत अधिकारिक आदेश जारी किए जा चुके हैं। उधर, जब पंजाब की भगवंत मान सरकार ने कटौती कर दी थी, तो उनकी सुरक्षा में 3 पुलिसकर्मी रह गए थे। जिस पर जत्थेदार हरप्रीत सिंह ने कहा था कि, वह बाकी के 3 सुरक्षाकर्मी भी राज्य सरकार को वापस कर देंगे क्योंकि, उन्हें राज्य सरकार से सुरक्षा नहीं चाहिए। उनकी सुरक्षा के लिए पंजाब के नौजवान ही काफी हैं। हालांकि, एजेसियों के इनपुट के बाद केंद्र सरकार ने उनकी सुरक्षा बढ़वा दी है।
बता दें कि केंद्रीय एजेंसियों द्वारा गृह मंत्रालय को सौंपी गई एक रिपोर्ट में ज्ञानी हरप्रीत की सुरक्षा की समीक्षा की गई। उसके बाद केंद्र सरकार ने यह निर्णय लिया कि जत्थेदार हरप्रीत सिंह को फौरन जेड कैटेगरी की सुरक्षा मुहैया करा दी जाए। ध्यान रहे कि, पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की सुरक्षा घटाई गई थी, जिसके 24 घंटे के भीतर ही उनकी हत्या कर दी गई।







