जगराओं में हुई गुंडागर्दी:दफ्तर में घुसकर ALP और स्टेशन मास्टर से की गाली गलौज, RPF को भी मारे धक्के
उत्तर रेलवे के फिरोजपुर डिविजन के स्टेशन जगराओं पर शुक्रवार रात पॉइंट मैन ने हंगामा कर दिया। उसने अस्सिटेंट लोको पायलट, लोको पायलट और स्टेशन मास्टर से गाली गलौज की। RPF को भी धक्के मारे। लोको पायलट अभिषेक ने CHC/CPRC फिरोजपुर को शिकायत पत्र लिखा है।
उत्तर रेलवे के फिरोजपुर डिविजन के स्टेशन जगराओं पर शुक्रवार रात पॉइंट मैन ने हंगामा कर दिया। उसने अस्सिटेंट लोको पायलट, लोको पायलट और स्टेशन मास्टर से गाली गलौज की। RPF को भी धक्के मारे। लोको पायलट अभिषेक ने CHC/CPRC फिरोजपुर को शिकायत पत्र लिखा है।
पत्र में अभिषेक ने लिखा है कि उसने गाड़ी को ऑन ट्रेन किया। इस दौरान पॉइंट मैन, कपलिंग जोड़ रहा था। अभिषेक के मुताबिक, उसने अपने ALP (अस्सिटेंट लोको पायलट) को सेफ्टी कलम्प लेकर पॉइंट मैन के पास भेजा तथा लगवाने के लिए कहा। कुछ देर बाद बाहर देखा तो वह दंग रह गया।

अभिषेक ने बताया कि पॉइंट मैन ALP को गाली दे रहा है। अभिषेक ने उसे रोकने की कोशिश की और मामला शांत करवाना चाहा, लेकिन पॉइंट मैन उसे भी गालियां देने लगा। उसके मुंह से शराब की बदबू आ रही थी। काफी बहसबाजी के बाद वह स्टेशन मास्टर के पास गए। स्टेशन मास्टर के सामने फिर से पॉइंट मैन अभिषेक का कॉलर पकड़ कर उससे धक्का-मुक्की करने लगा। इस दौरान (अस्सिटेंट लोको पायलट) ALP ने घटना की वीडियो बना ली तो पॉइंट मैन मोबाइल छीनने लगा। हाथापाई और मारपीट करने लगा। स्टेशन पर शोर-शराबा सुन कर RPF का कर्मचारी भी मौके पर पहुंचा।

अभिषेक ने बताया कि RPF कर्मचारी ने हलका बल प्रयोग करके पॉइंट मेन को खदेड़ा, लेकिन पॉइंट मैन ने RPF कर्मचारी के साथ भी धक्का-मुक्की की। हंगामा कर रहे पॉइंट मैन ने स्टेशन मास्टर के कमरे की कुर्सी तक उठा कर पटक दी। इस तरह स्टेशन पर रेलवे कर्मचारियों द्वारा गुंडागर्दी कहीं न कहीं रेल परिचालन में रूकावट पैदा करती है।
इस घटनाक्रम के बाद शिकायतकर्ता अभिषेक ने सीनियर अधिकारियों को लिखकर भेज दिया कि वह मानसिक रूप से पॉइंट मैन के व्यवहार से आहत है, जिस कारण वह ट्रेन चलाने में असमर्थ है। बता दें कि इस घटनाक्रम की वीडियो रेलवे के सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। वहीं रेलवे फिरोजपुर मंडल के अधिकारी क्या कार्रवाई करते हैं, यह बड़ा सवाल होगा।
इस मामले को लेकर जब फिरोजपुर डिविजन के सीनियर DSC रजनीश त्रिपाठी से बात की गई तो उन्होंने कहा कि मामले उनके ध्यान में है। पॉइंट मैन को सस्पेंड कर दिया गया है। मामला भी दर्ज किया जा रहा है।







