हिमाचल में बारिश का कहर जारी, कुल्लू में देखते ही देखते जमीन में दफन हो गए कई मकान
कुल्लूः पिछले कुछ दिनों से हिमाचल में लगातार हो रही बारिश के कारण लोगों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। वहीं कुल्लू के अंतर्गत आते आनी उपमंडल में वीरवार को उस वक्त भयानक मंजर देखने को मिला, जब वहां कई मकान देखते ही देखते भूमि में दफन हो गए। बता दें कि प्रशासन द्वारा इन सभी मकानों को समय रहते ही खाली कराया गया अन्यथा यहां पर बड़ा हादसा हो सकता था। वीरवार को सुबह देखते ही देखते एक के बाद एक मकान ढहते चले गए और आंखों के सामने करोड़ों रुपये की संपत्ति का नुकसान हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार यह घटना कुल्लू जिले के आनी बस स्टैंड के पास हुई है। आनी बस स्टैंड के पास इमारत के पीछे से लैंडस्लाइड हो रहा था। इस नाले का पानी भी इमारत के पीछे गिर रहा था। वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि एक दम से पेड़ हिलने लगता है और फिर देखते देखते ही चार मंजिला घर पूरी तरह से जमीदोंज हो जाता है। वीडियो में युवक कह रहा है कि बिल्डिंग के ऊपर लोग हैं। इस दौरान अफरा तफरी भी देखने को मिली है। बताया जा रहा है कि प्रशासन ने करीब एक सप्ताह पूर्व ही भवन खाली करने के लिए नोटिस जारी किए थे।
प्रशासन की ओर से मिली जानकारी के अनुसार इस घटना में कोई भी जनहानि नहीं हुई है। दो मकानों को पहले ही खाली करवा दिया गया था, जबकि एक मकान को आज सुबह खाली करवाया गया था। प्रशासन की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गई हैं और राहत औऱ बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है। बता दें कि हिमाचल प्रदेश में बीते 72 घंटे से बारिश हो रही है। बुधवार को प्रदेश में बारिश और लैंडस्लाड के चलते 11 लोगों को मौत हो गई थी। वीरवार को भी मौसम विभाग ने भारी बारिश का ऑरेज अलर्ट जारी किया है







