पंजाब में ड्रग्स माफिया और नशे के खिलाफ सीएम भगवंत मान का बड़ा ऐलान, कहा- बिना दबाव एक्शन ले पुलिस
चंडीगढ़ः पंजाब के सीएम भगवंत मान ने सोमवार को राज्य के पुलिस अधिकारियों के साथ बड़ी बैठक की। सीएम मान ने बिना किसी दबाव के नशे के हर दोषी पर सख्त एक्शन लेने के निर्देश दिए हैं। मान ने कहा कि पंजाब के नौजवान नशे के पीड़ित हैं, दोषी नहीं। उनकी सरकार पहले नशा बेचने वालों को पकड़ कर सप्लाई चेन तोड़ेगी। फिर नौजवानों का पुनर्वास भी कराएंगे। उन्होंने कहा कि हमारा सपना नशा मुक्त पंजाब है।
बता दें, पंजाब में पिछले एक हफ्ते में ड्रग ओवरडोज से 10 लोगों की मौत हो चुकी है। जिसके बाद सीएम भगवंत मान ने पंजाब पुलिस के अफसर तलब किए। अब सीएम से मीटिंग के बाद पंजाब पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स जल्द फील्ड में बड़े एक्शन में नजर आ सकती है। नशे की चेन रोकने के साथ-साथ राज्य सरकार नशा मुक्ति केंद्रों के ढांचे में ही सुधार कर रही है, ताकि नशा छोड़ने के इच्छुक लोग यहां आ सकें। राज्य में हर 10 किलोमीटर के दायरे में एक नशा मुक्ति केंद्र बनाया जाएगा। अभी पंजाब में 208 नशा मुक्ति केंद्र हैं। 16 सेंटर जेलों में चल रहे हैं। राज्य में वर्तमान में 2.5 लाख नशा करने वाले मरीज पंजीकृत है जबकि नशा मुक्ति केंद्रों पर 16.5 लाख मरीज उपचार के लिए आ रहे हैं।
सीएम मान के फैसले के बाद आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि नशा बेचने वालों को कोई संरक्षण नहीं होगा। उन्होंने लिखा – पंजाब के युवाओं को नशे से बाहर लाना सबसे ज़रूरी है। अब पंजाब में ईमानदार सरकार है। नशा बेचने वालों को कोई संरक्षण नहीं होगा। उन पर सख़्त एक्शन होगा। आम आदमी पार्टी पूरी शिद्दत से पंजाब के लोगों के साथ मिलकर इस समस्या का समाधान करेगी।







