दक्षिण अफ्रीका के जोहानिसबर्ग की बिल्डिंग में लगी भयानक आग, कम से कम 63 लोगों की मौत
जोहानिसबर्गः दक्षिण अफ्रीका में एक बिल्डिंग में आग लगने से कम से कम 63 लोगों की मौत हो गई है और 40 से ज्यादा लोग घायल हो गए हैं। बताया जा रहा है कि अभी भी तलाशी अभियान जारी है। इस पूरी इमारत में कम से कम 200 लोग रहते थे। बताया गया है कि यह आग शहर के मध्य में स्थित बिजनेस डिस्ट्रिक्ट में गुरुवार सुबह लगी। दमकलकर्मियों ने अब तक घटनास्थल से 63 शव निकाले हैं। आपातकालीन प्रबंधन सेवा ने कहा कि आग लगने की घटना बृहस्पतिवार को तड़के हुई जिसमें कम से कम 63 लोगों की मौत हुई है और करीब 43 अन्य झुलस गए।
इस संबंधी जानकारी देते हुए प्रवक्ता रॉबर्ट मुलौदज़ी ने कहा कि राहत और बचाव अभियान जारी है तथा मरने वालों की संख्या अभी और बढ़ सकती है। अधिकारियों ने कहा कि आग पर काफी हद तक नियंत्रण कर लिया गया है, लेकिन काली पड़ चुकी इमारत की खिड़कियों से अब भी धुआं निकल रहा है। दक्षिण अफ्रीका के सार्वजनिक प्रसारक एसएबीसी ने कहा कि जोहान्सबर्ग में स्थित यह इमारत पांच मंजिला थी। सीएनएन ने एसएबीसी के हवाले से बताया कि आग बुझाने के प्रयास जारी हैं।
बताया जाा रहा है कि जिस इमारत में आग लगी उसे बेघरों के लिए अनाधिकारिक आवास के तौर पर इस्तेमाल किया जा रहा था और इसके लिए कोई आधिकारिक किराए से जुड़ा समझौता भी नहीं था। इतने सारे लोगों के इमारत में एक साथ होने की वजह से राहत-बचाव कार्यों में भी समस्या आ रही है। एसएबीसी के अनुसार, आग लगने का कारण अभी तक ज्ञात नहीं है। बताया जा रहा है कि आग लगने की वजह भूकंप हो सकता है।







