अमृतसर के छेहर्टा में फर्नीचर हाउस में लगी भयंकर आग
धमाके के बाद दो मंजिला इमारत हुई धराशायी, मालिक सहित चार झुलसे
अमृतसर : अमृतसर के छेहरटा स्थित खंडवाला में आम आदमी पार्टी के विधायक डॉ. जसवीर सिंह संधू के दफ्तर के साथ सटे जेएस फर्नीचर हाउस में वीरवार रात एकाएक आग लग गई। इस आगजनी में मालिक जगदीप सिंह सहित चार लोग झुलस गए, जिन्हें तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
घटना के बारे में पता चलते ही दमकल विभाग की चार गाडिय़ां मौके पर पहुंच गई और आग पर काबू पाने का प्रयास किया जाने लगा। वहीं विभिन्न राजनीतिक पार्टियों के भी पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और आगजनी की घटना पर खेद जताया। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि वीरवार की देर रात फर्नीचर हाउस के अंदर आग लग गई और फिर एकाएक धमाका हुआ और दो मंजिला इमारत धराशायी हो गई। हालांकि आग लगने के कारणों का अभी तक पूरी तरह स्पष्ट नहीं हुआ लेकिन आग लगने के बाद हुए धमाके का कारण कैमिकल बताया जा रहा है
फर्नीचर हाउस में काफी मात्रा में लकड़ी और फर्नीचर पड़ा हुआ था जो पूरी तरह से खाक हो गया। दुकान मालिक ने बताया कि फैस्टिवल में शादियों के सीजन के चलते बड़ी मात्रा में फर्नीचर का सामान पड़ा था। इस आगजनी में उनका करोड़ों रुपए का नुक्सान हो गया है, वही मौके पर पहुंचे अधिकारी आग लगने के कारणों की जांच में जुट गए हैं।








