अज्ञात हत्यारों ने बुजुर्ग का गलाघोंट कर दी हत्या; Himachal घूमने गया था परिवार, जांच में जुटी Police
इस संबंध में जानकारी देते हुए मृतक रशपाल सिंह के बेटे मनप्रीत सिंह उर्फ मोनू ने बताया कि कुछ दिन पहले उसकी मौसी अपने परिवार के साथ इटली से उनके गांव गोंदपुर आई थी। वीरवार शाम को वह अपनी मौसी के परिवार के साथ हिमाचल प्रदेश में धार्मिक स्थल पीर निगाह माथा टेकने गया था और घर पर उसके पिता अकेले थे।
घटना का उस वक्त पता चला कि शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे उसकी पड़ोसी ममता पिता को रोटी देने आई तो देखा कि घर का मेन गेट और अंदर कमरों के दरवाजे खुले थे और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। जब लोगों ने इकट्ठा होकर देखा तो रशपाल सिंह का शव कमरे में बिस्तर पर पड़ा था, जिसके मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ था और हाथ-पैर कपड़े से कसकर बंधे हुए थे। जिसके बाद लोगों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी।
वारदात की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। वहीं वारदातस्थल पर पुलिस एसपी होशियारपुर मेजर सिंह , बलजिंदर सिंह मल्ही थाना प्रभारी माहिलपुर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और सीसीटीवी कैमरों के आधार पर जांच शुरू कर दी।
इस संबंध में होशियारपुर के एसपी मेजर सिंह ने बताया कि उन्हें गांव गोंदपुर में रशपाल सिंह की हत्या की सूचना मिली थी। वह वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे और डॉग स्क्वायड, फिंगर प्रिंटिंग टीम और सीसीटीवी कैमरों के आधार पर जांच शुरू कर दी है।







