Big News: बॉलीवुड अभिनेता Govinda के पैर में लगी गोली, Revolver को केस में रखते समय हुआ हादसा?
घटना मंगलवार सुबह साढ़े 4 बजे के करीब की बताई जा रही है। फिलहाल, ऑपरेशन करके उनके पैर से गोली निकाल ली गई है। वहीं, घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस इस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि गोविंदा की बंदूक को कब्जे में ले लिया गया है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है।
इस संबंधी जानकारी देते हुए अभिनेता के मैनेजर शशि सिन्हा ने बताया कि वे एक प्रोग्राम के लिए कोलकाता जाने की तैयारी कर रहे थे। इस दौरान वे अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर को केस में रख रहे थे, तभी रिवॉल्वर उनके हाथ से छूट गई और गोली चल गई जो उनके पैर में जा लगी। गोली लगने के कारण अभिनेता के पैर से काफी खून बह गया जिससे उनकी हालत काफी खराब हो गई। जिसके बाद उन्हें तुरंत उपचार के लिए अंधेरी के अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने ऑपरेशन करके गोली निकाल दी है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। हालांकि, एक्टर अभी भी ICU में हैं।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, गोविंदा की बेटी टीना इस समय अस्पताल में उनके साथ मौजूद हैं, और परिवार के अन्य सदस्य भी उनकी स्थिति का ध्यान रख रहे हैं। गोविंदा की स्थिति को लेकर सभी फैंस और शुभचिंतकों में चिंता बनी हुई है, और वे उनकी जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।







