NEET Result पर रोक लगाने से सुप्रीम कोर्ट का इनकार, NTA और केंद्र से मांगा जवाब
NEET पेपर लीक मामले में सुप्रीम कोर्ट ने एक जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए नीट के रिजल्ट पर रोक लगाने से मना कर दिया है. सर्वोच्च अदालत ने केंद्र सरकार और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी से जवाब मांगा है.

सुप्रीम कोर्ट ने राष्ट्रीय मेडिकल प्रवेश परीक्षा (NEET) रिजल्ट पर रोक लगाने से मना कर दिया है. इस साल की NEET में पेपर लीक की आशंका जताने वाली PIL पर सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) से जवाब मांगा है. जुलाई में मामले की अगली सुनवाई होगी.
नीट यूजी 2024 परीक्षा का आयोजन 5 मई को देश भर में राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी की ओर से किया गया था. वहीं परीक्षा को लेकर सोशल मीडिया पर पेपर लीक होने की पोस्ट वायरल होने लगी इसके बाद एनटीए ने अपना बयान जारी किया कर कहा कि नीट यूजी 2024 का पेपर लीक नहीं हुआ है. सोशल मीडिया पर गलत अफवाह फैलाई जा रही है.
पेपर लीक मामले में 13 गिरफ्तार
नीट परीक्षा के प्रश्न पत्र लीक मामले में अब तक 13 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है. बता दें, 5 मई को पटना में नीट का एग्जाम हुआ था. पटना हाई कोर्ट में भी इस मामले को लेकर लोकहित याचिका दायर की गई थी. इसमें प्रश्न पत्र लीक मामले की जांच सीबीआई से कराने का अनुरोध किया गया है. इस याचिका में परीक्षा को रद्द कर नए सिरे से एग्जाम कराने की भी बात कही गई थी.







