Tag: 4 की मौत 2 घायल

  • दिल्ली के बवाना इलाके में गिरी चार मंजिला बिल्डिंग, 4 की मौत 2 घायल

    दिल्ली के बवाना इलाके में गिरी चार मंजिला बिल्डिंग, 4 की मौत 2 घायल

    राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के बवाना इलाके में शुक्रवार को एक चार मंजिला इमारत गिरने से नौ साल की बच्ची समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए

    गुरुग्राम के बाद दिल्ली के बवाना इलाके में गिरी चार मंजिला बिल्डिंग, 4 की मौत 2 घायल
    • दिल्ली के बवाना इलाके में गिरी 4 मंजिला बिल्डिंग
    • नौ साल की बच्ची समेत चार लोगों की मौत हो गई
    • राजीव रतन आवास योजना के तहत बनी थी बिल्डिंग

     

    नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के बवाना इलाके में शुक्रवार को एक चार मंजिला इमारत गिरने से नौ साल की बच्ची समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए. मृतकों की पहचान रुकैया खातून, शहजाद, आफरीन और दानिश के रूप में हुई है, जो जेजे कॉलोनी के सभी निवासी हैं, जबकि फातिमा और शहनाज के रूप में पहचानी गई दो महिलाओं को बचा लिया गया और उन्हें अस्पताल भेज दिया गया. एक पुलिस अधिकारी ने कहा, दोनों खतरे से बाहर हैं.

    घटना के बाद मौके पर पहुंची रेस्क्यू टीम

    दिल्ली दमकल सेवा के प्रमुख अतुल गर्ग ने मीडिया को बताया कि घटना के बारे में शुक्रवार दोपहर 2.48 बजे के करीब एक फोन आया. जिसके बाद दमकल की चार गाड़ियां मौके पर भेजी गईं. मकान गिरने की सूचना मिलने के बाद बाहरी उत्तर जिला पुलिस भी मौके पर पहुंची.

    राजीव रतन आवास योजना के तहत बनी थी बिल्डिंग

    पुलिस उपायुक्त बृजेंद्र कुमार यादव ने कहा कि ढह गई इमारत राजीव रतन आवास योजना का हिस्सा है जिसमें लगभग 300-400 फ्लैट हैं. यादव ने बताया कि तुरंत तीन जेसीबी, एक हाइड्रा और दो एंबुलेंस मौके पर भेजी गईं और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया. फिलहाल रेस्क्यू आपरेशन का काम खत्म हो गया है.

    बिल्डिंग की नींव और पिलर हो चुके थे खोखले

    गिरी हुई बिल्डिंग के रेस्क्यू आपरेशन में शामिल फायरकर्मी ने बताया कि इस बिल्डिंग के गिरने की वजह भी यही थी कि उसकी नींव और पिलर खोखले हो चुके थे और सपोर्ट बिल्कुल खत्म हो चुका था, जिससे वो खड़ी हो सकती थी.

    इससे पहले गुरुग्राम में हुआ ऐसा हादसा

    गौरतलब है कि इससे पहले गुरुग्राम में एक रिहायशी इमारत का एक हिस्सा ढह जाने के बाद शुक्रवार को मलबे से एक और शव निकाला गया. इसके साथ ही, इस हादसे में जान गंवाने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 2 हो गयी है. पुलिस ने रिहायशी इमारत चिंटेल्स पाराडाइजो के बिल्डर और ठेकेदार के खिलाफ लापरवाही बरतने का एक मामला दर्ज किया है.