Lift में आई खराबी तेज स्पीड में नीचे से सीधे 25वीं मंजिल पर पहुंची, तोड़ दिया टॉप फ्लोर, 3 जख्मी
यूपी के नोएडा स्थित सेक्टर-137 में लिफ्ट हादसे हुआ, जिसमें तीन लोग घायल हो गए. पारस टियरा सोसायटी के टॉवर-5 में तीन लोग लिफ्ट में सवार थे. तभी उसका ब्रेक फेल हो गया और वह तेजी से 25 वीं मंजिल पर जा पहुंची. इस कारण बिल्डिंग की छत भी क्षतिग्रस्त हो गई. सोसायटी वालों ने इस लापरवाही पर तुरंत कार्रवाई की मांग की है. सोसाइटी के सचिव ने कहा कि वो आर्किटेक्ट्स और निर्माताओं से इस पूरे मामले की जांच करवाएंगे.
राजधानी दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश के नोएडा से अक्सर लिफ्ट हादसों की खबर सामने आती रहती है. इसी क्रम में एक बार फिर सेक्टर-137 की एक सोसायटी में रविवार देर रात को लिफ्ट हादसा हो गया. इसमें तीन लोग घायल हुए हैं. हादसे के बाद से सोसायटी के लोगों में डर का माहौल है. वे लिफ्ट में जाने से कतरा रहे हैं. घटना पारस टियरा सोसायटी की है.
जानकारी के मुताबिक, सोसायटी के टॉवर-5 में अचानक से लिफ्ट का ब्रेक फेल हो गया. जिस कारण वह बेकाबू होकर नीचे जाने के बजाय ऊपर जाने लगी और 25वीं मंजिल तक जा पहुंची. इस कारण लिफ्ट में मौजूद तीन लोग घायल हो गए. सोसायटी के लोगों ने बताया कि लिफ्ट जब तेजी से ऊपर जा रही थी तो उसने टॉप फ्लोर की छत भी तोड़ डाली. इसी कारण लिफ्ट रुक पाई. लिफ्ट में कुल तीन लोग थे, जिन्हें चोट पहुंची.
घटना की सूचना मिलते ही सोसाइटी के कई लोग मौके पर इकट्ठा हो गए. उनका कहना है कि पिछले कुछ समय से लिफ्ट की देखरेख ठीक से नहीं की जा रही थी. कई बार इस बारे में शिकायत भी की गई. लेकिन मेंटेनेंस डिपार्टमेंट ने इसे ठीक नहीं करवाया. अब बिल्डिंग में इतने फ्लोर हैं कि बिना लिफ्ट के जाना मुमकिन नहीं है. लोग अपनी जान जोखिम में डालकर लिफ्ट का इस्तेमाल करते हैं. निवासियों ने इस लापरवाही पर तुरंत कार्रवाई की मांग की है. सोसाइटी के सचिव ने कहा कि वो आर्किटेक्ट्स और निर्माताओं से इस पूरे मामले की जांच करवाएंगे.







