Nawanshahr में कार और बाइक की आपस में भीषण टक्कर, 2 की मौत, 3 घायल
नवांशहरः नवांशहर के अन्तर्गत आते गांव बाहड़ोवाल के पास शुक्रवार सुबह उस वक्त दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जब यहां एक कार और मोटरसाइकिल के बीच जबरदस्त टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयंकर थी कि इस हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि 3 युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है और गंभीर रूप से हुए घायलों को उपचार के लिए भर्ती करवाया। वहीं, पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक युवकों की पहचान साहिल (19) और सुखबीर (16) के तौर पर हुई है। जबकि गंभीर रूप से हुए घायलों की पहचान तरुण शर्मा, कमलजीत सिंह और राहुल के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि आज सुबह 5 युवक एक बाइक पर सवार होकर घर से माथा टेकने निकले थे। इस दौरान जब वह नवांशहर-फगवाड़ा मुख्य मार्ग पर पहुंचे तो फगवाड़ा की तरफ से आ रही कार के साथ उनकी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयंकर थी कि इस हादसे में कार पलट गई और मोटरसाइकिल के परखच्चे तक उड़ गए।
इस दुर्घटना में बाइक सवार 2 युवकों की मौत हो गई, जबकि 3 युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को नजदीकी अस्पताल ढाहां कलेरां में भर्ती करवाया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।









