सोनिया गांधी से ईडी की पूछताछ पूरी, 25 जुलाई को फिर से होगी पूछताछ; प्रियंका गांधी संग निकलीं बाहर
सोनिया गांधी से 21 जुलाई को दो घंटे से कम की पूछताछ के बाद इंटेरोगेशन का पहला दिन पूरा हो गया है। स्वास्थ्य कारणों के चलते उनसे आज दोबारा पूछताछ नहीं की जाएगी।

इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी नेशनल हेराल्ड केस में पूछताछ के लिए सुबह के वक्त ईडी के दफ्तर पहुंची थी। उनके साथ उनकी बेटी और कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी भी पहुंची थी। सोनिया गांधी अपने साथ दवाएं लेकर गई थीं। पूछताछ के दौरान प्रियंका और सोनिया गांधी एक ही कमरे में मौजूद थीं।
मोनिका शर्मा के पास पूछताछ की कमान
सूत्रों का कहना है कि सोनिया गांधी से पूछताछ की कमान महिला अफसर मोनिका शर्मा को सौंपी गई है। वह ईडी में अडिशनल डायरेक्टर के पद पर हैं। 75 वर्षीय सोनिया गांधी के स्वास्थ्य को देखते हुए दफ्तर में एंबुलेंस की व्यवस्था भी की गई थी। सोनिया गांधी के स्वास्थ्य कारणों के चलते प्रियंका गांधी को भी दफ्तर में रहने की इजाजत दी गई थी।







