पंजाब में फिर चली गोलियां, 2 युवकों पर ताबड़तोड़ फायरिग, गंभीर घायल
लुधियानाः महानगर में मंगलवार देर रात उस वक्त सनसनी फैल गई, जब यहां गिलवाल राहों रोड पर कुछ अज्ञात हमलावरों ने 2 युवकों पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दी। इस दौरान दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे भी खंगाल रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है। पुलिस को दिए बयान में प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हमलावरों ने करीब 4 फायर किए, जिस दौरान 2 युवक गंभीर रूप से गायल हो गए। घटना के बाद इलाका निवासियों में खौफ का माहौल बना हुआ है।
घायल युवकों की पहचान राकेश और राणा के रूप में हुई है। राकेश ऑटो चालक है, जो अपने साथी राणा के साथ काम से वापस आ रहा था। रास्ते में राहो रोड पर चिकन की रेहड़ी के पास रूका। चिकन की रेहड़ी वाले से उसकी किसी बात को लेकर धक्का-मुक्की हुई। पुलिस को दी शिकायत में घायल राकेश के पिता रमेश ने बताया कि वह बाबा नाम देव कालोनी प्रेम विहार टिब्बा रोड के रहने वाले हैं। उनके बेटे की किसी के साथ कोई पुरानी रंजिश नहीं है।
घटना संबंधी जानकारी देते हुए कमिश्नर कौस्तुभ शर्मा ने बताया कि राकेश और राणा अपने ऑटो से गहलेवाल चौक की तरफ आ रहे थे। उनका चिकन वाले से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। उस रेहड़ी वाले का बेटा गगनदीप मोर सामने ही अपने साथियों के साथ बैठा था। मामला बिगड़ता देखकर गगनदीप ने राकेश और राणा को निशाना बनाकर 4 गोलियां चलाईं और फरार हो गए। कमिश्नर शर्मा ने कहा कि मोर हत्या के आरोपों में जेल में बंद था।







