पेशावर की एक मस्जिद में नमाज के दौरान जोरदार धमाका, 28 की मौत, 150 से ज्यादा घायल
पाकिस्तानः पाकिस्तान के पेशावर में सोमवार दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब यहां पुलिस लाइंस इलाके में स्थित एक मस्जिद में जोहर की नमाज के दौरान जोरदार बम धमाका हुआ। इस धमाके में करीब 28 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि 150 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें पेशावर के लेडी रीडिंग हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। सुरक्षा और स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि पेशावर के पुलिस लाइंस इलाके में एक मस्जिद के भीतर सोमवार को हुए इस शक्तिशाली आत्मघाती विस्फोट में दो पुलिसकर्मियों की भी मौत हुई है। अभी कई और लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है।
सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि आत्मघाती हमलावर नमाज़ के दौरान सबसे आगे की लाइन में मौजूद था, इसी दौरान उसने खुद को उड़ा लिया, जिससे ज़ोहर की नमाज़ अदा करने वाले दर्जनों लोग घायल हो गए। प्रत्यत्क्षदर्शियों के अनुसार, धमाका इतना जोरदार था कि मस्जिद का एक हिस्सा गिर गया। विस्फोट की आवाज करीब 2 किमी दूर तक सुनी गई। विस्फोट के बाद हर जगह धुआं था।” यह एक आत्मघाती विस्फोट था क्योंकि हमलावर मस्जिद के भीतरी आंगन के अंदर था। जब धमाका हुआ तब ज़ोहर की नमाज़ शुरू ही हुई थी।
वहीं, पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री ने मस्जिद में हुए सुसाइड अटैक पर ट्वीट करके कहा, “पेशावर की पुलिस लाइन मस्जिद में नमाज के दौरान हुए आतंकी आत्मघाती हमले की कड़ी निंदा करता हूं। मेरी प्रार्थना और संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। यह जरूरी है कि हम अपनी खुफिया जानकारी जुटाने में सुधार करें और आतंकवाद के बढ़ते खतरे से निपटने के लिए अपने पुलिस बलों को उचित रूप से तैयार करें।”







