रवनीत बिट्टू और चरणजीत चन्नी संसद में हुए आमने सामने, हुई तीखी बहस..
नई दिल्ली- लोकसभा में चर्चा के दौरान माहौल उस समय गर्मा गया जब जालंधर से कांग्रेस के सांसद चरणजीत सिंह चन्नी और केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के बीच तीखी बहस हो गई।
दरअसल, चरणजीत सिंह चन्नी ने रवनीत बिट्टू से कहा, “आपके पिता जी शहीद हुए थे, लेकिन मैं आपको कह दूं कि वो शहादत के दिन नहीं मरे थे। बल्कि उस दिन मरे थे, जिस दिन आपने कांग्रेस को छोड़ा।” चन्नी के इस बयान पर सांसद टेबल पीटने लगे। वहीं, सत्ता पक्ष द्वारा टोके जाने पर चन्नी ने शिकायत की कि उन्हें तंग किया जा रहा है। उन्होंने कहा, “वो पंजाब से आए हैं, इसका मतलब ये नहीं कि मुझे तंग करते रहें।”
‘चन्नी सबसे करप्ट सांसद’- रवनीत बिट्टू का दावा
इसके जवाब में रवनीत सिंह बिट्टू भड़क गए और उन्होंने चरणजीत चन्नी को सबसे करप्ट नेता करार दिया। बिट्टू ने कहा, “मेरे दादा ने कुर्बानी देश के लिए दी, कांग्रेस के लिए नहीं। चन्नी गरीबी की बात करते हैं, लेकिन उनकी जायदाद पूछी जाए।” बिट्टू ने दावा किया कि चन्नी पंजाब के सबसे अमीर और सबसे करप्ट सांसद होंगे। अगर ऐसा नहीं होता है तो वो अपना नाम बदल देंगे। उन्होंने चरणजीत सिंह चन्नी को हजारों करोड़ रुपये का मालिक बताया। रवनीत सिंह बिट्टू ने दावा किया कि चरणजीत सिंह चन्नी का नाम कई मामलों में आया, जिसमें ‘मी टू’ भी शामिल था।








