हरिद्वार-रुड़की समेत 6 रेलवे स्टेशनों को मिली बम से उड़ाने की धमकी, पढें पूरी खबर…
उत्तराखंडः देवभूमि उत्तराखंड में रुड़की रेलवे स्टेशन के अधीक्षक को धमकी भरा पत्र मिला है, जिसमें लक्सर, नजीबाबाद, देहरादून, रुड़की, ऋषिकेश, हरिद्वार रेलवे स्टेशन समेत कई रेलवे स्टेशनों के अलावा हरिद्वार और अन्य धार्मिक स्थलों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। यह धमकी भरा पत्र भेजने वाले ने खुद को आतंकी संगठन जैश ए मोहम्मद का एरिया कमांडर बताया है।
जानकारी अनुसार, रुड़की रेलवे स्टेशन अधीक्षक को शनिवार शाम एक धमकी भरा पत्र मिला। पत्र बेहद टूटी-फूटी हिंदी में लिखा हुआ है। इसमें उत्तराखंड के 6 रेलवे स्टेशनों के साथ ही हरिद्वार में मंशा देवी, चंडी देवी समेत अन्य धार्मिक स्थलों को भी बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। इस चिट्ठी में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री को निशाना बनाने की धमकी दी गई है। इसे लेकर उत्तराखंड के रेलवे स्टेशनों सहित प्रमुखता स्थानों पर सतर्कता बढ़ा दी गई है.
जिक्रयोग्य है कि अप्रैल 2019 में इसी तरह का एक पत्र रुड़की रेलवे स्टेशन अधीक्षक को मिला था, जिसमें 13 मई को रेलवे स्टेशनों पर धमाके किए जाने की धमकी दी गई थी। उसके बाद रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों की सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। हालांकि इस तरह के धमकी भरे पत्र नवंबर 2021 में मेरठ और हापुड के रेलवे स्टेशन अधीक्षक को भी मिले थे। उत्तराखंड में छह रेलवे स्टेशनों को उड़ाने की धमकी भरा पत्र मिलने पर डीजीपी अशोक कुमार ने कहा कि मानसिक रूप से विक्षिप्त व्यक्ति पिछले 20 साल से इस तरह के धमकी भरे पत्र भेज रहा है। फिर भी एहतियात बरती जा रही है।







