अनंतनाग के सीआरपीएफ बंकर पर आतंकी हमला, हमलावरों को पकड़ने के लिए घेराबंदी
जम्मू-कश्मीर में आतंकी अपनी नापाक हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं. अनंतनाग में फिर एक बार सीआरपीएफ पर हमला किया गया है.
जम्मू-कश्मीर (Jammu Kashmir) में आतंकी अपनी नापाक हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं. अनंतनाग में फिर एक बार सीआरपीएफ (CRPF) पर हमला किया गया है. जानकारी के मुताबिक आतंकियों ने सीआरपीआर बंकर (CRPF Bunker) पर फायरिंग की है. हालांकि इस हमले में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है. घटना बुधवार की है जब केपी रोड पर बने सीआरपीएफ बंकर पर आतंकियों ने फायरिंग कर दी. गोलीबारी की आवाज सुनते ही लोगों में भगदड़ मच गई है. वहीं सुरक्षाबलों ने तुरंत इलाके की घेराबंदी करते हुए तलाशी अभियान शुरू कर दिया. बताया जा रहा है कि आतंकियों ने केपी रोड पर एफअम गली में सीआरपीएफ बंकर पर हमला किया.
घाटी में सुरक्षाबल लगातार आतंकियों के सफाए में जुटे हुए हैं. यही वजह है कि आतंकी सुरक्षाबलों के इन ऑपरेशन से बौखला गए हैं और इस तरह के हमलों को अंजाम दे रहे हैं.
लश्कर-ए-तैयबा के 6 आतंकी सहयोगियों को किया गया था गिरफ्तार
हाल ही में सुरक्षाबलों बड़ी कामयाबी मिली थी जिसमें सोपोर और बांदीपोरा इलाकों में लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के छह आतंकवादी (Terrorist) सहयोगियों को गिरफ्तार किया गया था. इन छह आतंकियों के कब्जे से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किए गए थे.
इससे पहले रविवार को जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में रविवार को आतंकियों की ओर से सुरक्षाबलों पर किए गए ग्रेनेड हमले में एक पुलिसकर्मी और एक आम नागरिक घायल हो गया.
अधिकारियों ने बताया कि रविवार शाम 7.20 बजे आतंकियों ने सराफ कदल इलाके में तैनात पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों पर ग्रेनेड हमला कर दिया. इस हमले में पुलिस कॉन्स्टेबल मेहराज अहमद और स्थानीय निवासी सरताज अहमद घायल हो गए. उन्हें पास के एसएमएचएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है.








