दिल्ली पहुंचे सचिन पायलट, सोनिया गांधी से कर सकते हैं मुलाकात; पढ़ें हर अपडेट
यहां लगातार पढ़ते रहें राजस्थान की सियासत से जुड़ा हर अपडेट…

राजस्थान की सियासत अब निर्णायक फैसले की ओर बढ़ रही है. तमाम उठापठक और रस्साकसी के बीच सचिन पायलट अब दिल्ली आ गए हैं. माना जा रहा है कि वो आज ही पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी से भी मुलाकात कर सकते हैं.
अंबिका सोनी ने किया इनकार
इस बीच जब पत्रकारों ने कांग्रेस नेता अंबिका सोनी से सवाल पूछा तो उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल करने से इनकार कर दिया.
बता दें कि रविवार शाम से ही राजस्थान की राजनीति में संग्राम चल रहा है. सीएम अशोक गहलोत कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने की ओर अग्रसर हैं. ऐसे में माना जा रहा था कि अब राजस्थान का मुख्यमंत्री सचिन पायलट को बना दिया जाएगा. लेकिन ऐसा कुछ हो पाता उससे पहले ही गहलोत गुट ने बगावत कर दी और यह कहते हुए इस्तीफा दे दिया कि उन्हें पायलट सीएम के रूप में मंजूर नहीं है, भले ही कोई और चाहे मुख्यमंत्री क्यों न बन जाए.
वेट एंड वॉच की स्थिति में है भाजपा
बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया ने कहा, कांग्रेस विधायकों ने स्वेच्छा से इस्तीफा दिया है. ऐसे में विधानसभा अध्यक्ष सी.पी. जोशी को इसे स्वीकार करना चाहिए, कांग्रेस में कलह का खामियाजा प्रदेश की जनता क्यों भुगते. पायलट पर बोलते हुए उन्होंने कहा, सचिन पायलट के लिए बीजेपी के दरवाजे बंद नहीं हैं. इस पर अंतिम फैसला पार्टी आलाकमान करेगी. अगर ऐसी स्थिति बनती है तो पार्टी आलाकमान इस पर फैसला लेगा.
पायलट की प्रशंसा
इस बीच विपक्ष के उपनेता राजेंद्र राठौर ने कहा, ‘गेंद अभी भी स्पीकर के पाले में है. कांग्रेस के विधायकों ने उनके सामने इस्तीफा दिया. जब विधानसभा स्पीकर उन इस्तीफे पर कोई फैसला लेंगे तभी बीजेपी आगे कोई कदम उठाएगी. हम सब कांग्रेस में सत्ता संघर्ष का खेल देख रहे हैं. उन्होंने पायलट की भी तारीफ की और कहा, पिछले डेढ़ साल से कोई झूठा बयान नहीं देने के लिए मैं उनकी (पायलट) सराहना करूंगा. चाहे उन्हें ‘निकम्मा’, ‘नकारा’ ‘जयचंद’ कहा जाए, उन्होंने अपना धैर्य बनाए रखा है.







