सूरत के पास बड़ा रेल हादसा टला, दादर-पोरबंदर सौराष्ट्र एक्सप्रेस पटरी से उतरी
गुजरात के सूरत के पास किम स्टेशन पर दादर-पोरबंदर सौराष्ट्र एक्सप्रेस के चार डिब्बे पटरी से उतर गए. यह हादसा मंगलवार दोपहर 3:32 बजे हुआ, लेकिन राहत की बात यह है कि किसी यात्री या रेलवे कर्मचारी को कोई चोट नहीं आई. बहाली का काम तुरंत शुरू कर दिया गया, फिलहाल मामले में रेलवे अधिकारी नजर रख रहे हैं.
गुजरात में सूरत के किम स्टेशन पर मंगलवार को दादर-पोरबंदर सौराष्ट्र एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 19015) एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया. ट्रेन के चार डिब्बे पटरी से उतर गए. घटना दोपहर 3:32 बजे की है जब ट्रेन पोरबंदर की ओर जा कर रही थी. हालांकि, राहत की बात यह है कि इस दुर्घटना में कोई हताहत नहीं हुआ और न ही किसी यात्री या रेलवे कर्मचारी को कोई चोट पहुंची.हादसे के बाद बहाली का काम तुरंत शुरू कर दिया गया. रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी घटना स्थल पर मौजूद हैं और काम की निगरानी कर रहे हैं. पश्चिमी रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) विनीत अभिषेक ने बताया कि इंजन के ठीक बगल में स्थित गैर-यात्री कोच के चार पहिए पटरी से उतर गए थे. इस दुर्घटना के बावजूद अन्य ट्रेनों की सामान्य आवाजाही बाधित नहीं हुई क्योंकि यहां एक और लूप लाइन उपलब्ध थी.







