लूट:पिस्तौल दिखाकर पेट्रोल पंप कर्मी से लूटे 2.20 लाख रुपये, सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस
ढिलवां (कपूरथला)। गांव संगोजला स्थित भारत पेट्रोलियम पंप के सेल्समैन से गन प्वाइंट पर लुटेरे नकदी छीन कर फरार हो गए। लूट की यह घटना सुबह 11 बजे हुई। जब पेट्रोल पंप पर काम करने वाला सेल्समैन 2.20 लाख रुपये नजदीकी गांव भंडाल बेट स्थित बैंक में जमा करवाने के लिए जा रहा था तब यह वारदात हुई।
जानकारी मिलते ही भुलत्थ के डीएसपी अमरीक सिंह चाहल व ढिलवां के एसएचओ चरणजीत सिंह मौके पर पहुंचे। डीएसपी अमरीक सिंह चाहल ने कहा कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
पीड़ित सागर निवासी हिमाचल प्रदेश ने पुलिस को बताया कि वह सुबह 11 बजे नकदी लेकर बैंक जा रहा था।
जब वह गांव संगोजला व जातिके के बीच पहुंचा तो पीछे से दो एक्टिवा सवार लुटेरों ने उसकी बाइक को लात मारकर गिरा दिया। इसके बाद लुटेरों ने तेजधार हथियार व पिस्तौल के बल पर नकदी छीन ली फरार हो गए।
डीएसपी अमरीक सिंह चाहल ने कहा कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।







