भारत जोड़ो यात्रा के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मांगे 2000 , सिर्फ 500 दिया तो सब्जियां फेंक दीं; दुकानदार के गंभीर आरोप
दुकानदार एस फवाज ने कहा, ‘कांग्रेस कार्यकर्ताओं का एक गुट दुकान पर आ पहुंचा। उन्होंने भारत जोड़ो यात्रा के लिए चंदा मांगा। मैंने इसके लिए 500 रुपये दे दिए, लेकिन वे 2000 रुपये की मांग कर रहे थे।’

केरल के कोल्लम में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के लिए 2000 रुपये नहीं देने पर एक दुकानदार को धमकी देने का मामला सामने आया है। दुकान के मालिक एस फवाज ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर तौल मशीनों को नुकसान पहुंचाने और सब्जियां फेंकने का भी आरोप लगाया है। उनका कहना है कि वह इस यात्रा के लिए 500 रुपये दे पाने में ही सक्षम थे।
एस फवाज ने कहा, ‘कांग्रेस कार्यकर्ताओं का एक गुट दुकान पर आ पहुंचा। उन्होंने भारत जोड़ो यात्रा के लिए चंदा मांगा। मैंने इसके लिए 500 रुपये दे दिए, लेकिन वे 2000 रुपये की मांग कर रहे थे। मैं इतना पैसा नहीं दे सका तो उन्होंने तौल मशीनों को नुकसान पहुंचाया और सब्जियां फेंक दीं।’
कांग्रेस ने तीन कार्यकर्ताओं को किया सस्पेंड
कांग्रेस ने इस मामले पर तत्काल ऐक्शन लेते हुए पार्टी के तीन कार्यकर्ताओं को सस्पेंड कर दिया है। कांग्रेस की केरल यूनिट के अध्यक्ष के सुधाकरण ने ट्वीट करके यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वे हमारी विचारधारा का प्रतिनिधित्व नहीं करते हैं और ऐसे बर्ताव को स्वीकार नहीं किया जाएगा। पार्टी स्वेच्छा से छोटे चंदों के जरिए क्राउडफंडिंग कर रही है, यहां दूसरों की तरह कॉर्पोरेट डोनेशन नहीं है।







