सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद अब इस पंजाबी गायक को मिली जान से मारने की धमकी
चंडीगढ़ः पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद अब मशहूर गायक जानी जोहान को जान से मारने की धमकी मिली है। इस बात का खुलासा खुद जानी ने किया है। गायक ने जान से मारने की धमकी मिलने के बाद पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से पुलिस सुरक्षा देने की मांग करते हुए पत्र लिखा है। इस पत्र में गायक ने पंजाब के सीएम, एडीजीपी और एसएसपी मोहाली से अपनी सुरक्षा बढ़ाने का अनुरोध किया था।
पत्र में जानी ने लिखा कि काफी समय से उन्हें और उनके मैनेजर को शरारती तत्वों द्वारा जान से मारने की धमकियां मिल रही है। इसके चलते वह पंजाब छोड़कर कहीं और शिफ्ट हो गए है। जानी ने पत्र में सिद्धू मूसेवाला की हत्या का भी जिक्र किया है। उन्होंने कहा कि इस माहौल के चलते वह कहीं शूट करने से भी डर रहे हैं, जिस कारण उनका कामकाज और निजी जिंदगी पर भी असर पड़ रहा है।
जानकारी अनुसार, ‘बिजली’ और ‘तितली’ गानों के लिए जाने जाने वाले जानी ने अपने पत्र में कहा है कि उन्हें और उनके मैनेजर दिलराज सिंह नंदा को असामाजिक तत्वों, गैंगस्टरों आदि से कई बार धमकी भरे फोन आए और उन्हें धमकाने का प्रयास किया गया। इस बारे में उन्होंने पहले भी एसपी मोहाली, राज्य प्रशासन, एसएएस नगर से चर्चा भी की थी।
गायक-गीतकार जानी जोहान ने कहा, “इस तरह की धमकियों के कारण, मैं पहले ही अपने परिवार को विदेश भेज चुका हूं और मैं और मेरा मैनेजर इन धमकियों के कारण काफी ज्यादा मानसिक दबाव और तनाव से गुजर रहे हैं। बता दें कि 29 मई को दिनदहाड़े सिद्धू मूसेवाला की गोलीयां मारकर हत्या कर दी थी, इस घटना के बाद अब पंजाबी कलाकार अपनी सुरक्षा के प्रति अधिक सतर्क हो गए हैं।







