अमृतसर में लुटेरों के बढ़े हौंसले, सांसद औजला के ऑफिस में गन पॉइंट पर 50 हजार रुपए और एप्पल आई-पैड लूटे
अमृतसरः महानगर में पुलिस की ढिलमुल कार्यप्रणाली के चलते अपराधियों के हौंसले इतने बुलंद हो गए हैं, कि अब नेताओं के दफ्तरों में भी लूटपाट करने लगें हैं। ऐसा ही एक मामला महानगर में उस वक्त सामने आया, जब लुटेरों ने गन प्वाइंट पर सांसद गुरजीत सिंह औजला के ऑफिस में लूटपाट की। जहां लुटेरों ने कर्मचारियों को गन प्वाइंट पर लेकर ऑफिस में रखे 50 हजार रुपए और एप्पल आई-पैड लूट ले गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने लुटेरों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी पहचान कर छापेमारी शुरु कर दी है। इनकी पहचान गुमटाला निवासी जोगिंदर सिंह और उसके बेटे लव के रूप में हुई है।
सांसद औजला के गुमटाला स्थित औजला अस्टेट ऑफिस में दो लुटेरे गन लेकर पहुंच गए। ऑफिस में मौजूद सौरव शर्मा ने पुलिस को जानकारी दी कि आरोपियों ने पिस्तौल उन पर तान दी। आरोपी लव ने उसे देख सीधे गोली चला दी। घबरा कर वह एक तरफ हो गए। इसके बाद आरोपियों ने ऑफिस में रखे हुए 50 हजार रुपए और टेबल पर पड़ा एप्पल आई-पैड उठाया और साथ ले गए। उनके चेहरे की उन्हें पहचान हो गई।
आरोपियों के ऑफिस से जाने के बाद तुरंत बाद सौरव ने पुलिस को इसकी जानकारी दी। जिसके बाद पुलिस ने जोगेंदर और लव के खिलाफ मामला दर्ज करके कार्रवाई शुरु कर दी है। दो सप्ताह पहले ही सांसद औजला के विक्टोरिया ऐनक्लेव स्थित ऑफिस में चोरी हुई थी। एकाउंट का काम संभालने वाले मस्सा सिंह ने बताया कि चोर ऑफिस में लगे एसी, पंखे, बाथरुम में लगी महंगे नलकों और सबमर्सिबल पंप आदि को चुरा ले गए थे।








