विधायक शीतल अंगुराल को जान से मारने की धमकी, विधायक बोले मैं डरने वाला नहीं, कॉल करने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का बताया
चंडीगढ़: पंजाब मे पिछले कई दिनों से लगातार कई नामी व्यक्तिय़ों को कुख्यात गैंगस्टर लारेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताकर वसूली के लिए धमकियां दी जा रही हैं, वहीं, महानगर में भी कई व्यापारियों को ऐसी फोन काल आ चुकी हैं। ऐसा ही एक मामला मंगलवार को उस वक्त सामने आया, जब आम आदमी पार्टी के विधायक शीतल अंगुराल को एक व्यक्ति ने फोन कर जान से मारने की धमकी दी। वहीं इसकी सूचना मिलने से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया है और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस संबंधी जानकारी देते विधायक ने बताया कि उन्हें मोबाइल पर वॉट्सऐप कॉल आया था। कॉल करने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का बताया। शीतल ने यह भी खुलासा किया है कि उन्हें यह धमकी कई बार मिली है। धमकी देने वाले ने यह भी कहा कि वह खालिस्तान का समर्थक है। पंजाब में जालंधर पश्चिम से आप विधायक शीतल अंगुराल ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। शीतल अंगुराल के मुताबिक, धमकी देने वाले कभी खुद को खालिस्तानी समर्थक तो कभी लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य। मामला सामने आने के बाद विधायक की सुरक्षा बढ़ा दी है और एक अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस कमिश्नर गुरशरण सिंह संधू ने बताया कि डीसीपी जसकिरणजीत सिंह मामले की जांच कर रहे हैं। आप विधायक ने आरोप लगाया कि उनके राजनीतिक विरोधियों ने उन्हें धमकी दिलवाई है।







