लापरवाहीः अस्पताल से भागा कुख्यात नशा तस्कर, तीन पुलिस अधिकारियों पर मामला दर्ज
अमृतसरः महानगर की पुलिस द्वारा बड़ी लापरवाही उस वक्त सामने आई, शनिवार देर रात जब गुरुनानक देव अस्पताल में आया एक नशा तस्कर पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। आरोपी के फरार होने की सुचना से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए शहर में नाकाबंदी कर दी है। वहीं पुलिस के तीन अधिकारियों पर मामला दर्ज कर लिया गया है। फरार कैदी की पहचान सुखदीप सिंह निवासी गांव पिद्दी खालसा गोराया के रूप में हुई है।
मामले की जानकारी देते एसीपी वरिंदर सिंह खोसा ने बताया कि मामले की जांच करवाई जा रही है। फिलहाल मजीठा रोड थाने की पुलिस ने तरनतारन पुलिस लाइन के सब इंस्पेक्टर बिक्रमजीत सिंह की शिकायत पर जालंधर के गोराया स्थित पिद्दी खालसा गांव निवासी सुखदीप सिंह (विचाराधीन कैदी), तरनतारन के वेरोवाल निवासी एएसआइ जगजीत सिंह वेरोवाल, जोहलवाला गांव निवासी एएसआइ जगजीत सिंह, पट्टी स्थित गार्डन कालोनी निवासी एएसआइ परविंदर सिंह को नामजद कर लिया है।
प्राप्त जानकारी अुनुसार जेल के अंदर शुक्रवार की रात सुखदीप सिंह सहित तीन विचाराधीन कैदियों की तबीयत खराब हो गई। सुखदीप की बाजू में दर्द था। जेल प्रशासन ने आरोपितों की हालत देखते हुए गुरु नानक देव अस्पताल में चेकअप करवाने की बात कही थी। आठ पुलिस कर्मी शनिवार शाम विचाराधीन कैदियों को पूरी सुरक्षा के साथ गुरु नानक देव अस्पताल लेकर पहुंचे थे। चेकअप के बाद अस्पताल प्रशासन ने दो आरोपितों को तरनतारन जेल लौटा दिया और सुखदीप सिंह को मेडिसिन वार्ड में दाखिल कर लिया। इस बीच उक्त तीन पुलिस कर्मियों की ड्यूटी आरोपित सुखदीप पर नजर रखने की थी लेकिन शनिवार की रात वह पुलिस कर्मियों को गच्चा देकर अस्पताल से फरार हो गया। घटना के बाद सारे शहर में नाकाबंदी की गई लेकिन सुखदीप सिंह का कहीं पता-ठिकाना नहीं लगा। पुलिस उसे तलाशने में जुटी है।







