सांसद हरभजन सिंह का बड़ा ऐलान, राज्यसभा से मिला वेतन किसानों की बेटियों की शिक्षा और भलाई पर करेंगे खर्च
चंडीगढ़ः पूर्व क्रिकेटर एवं पंजाब से राज्यसभा सांसद बने हरभजन सिंह ने बड़ा फैसला लिया है। उन्होंने कहा कि वह राज्यसभा से मिलने वाली सैलरी को किसानों की बेटियों की शिक्षा और भलाई के लिए खर्च करेंगे। सांसद ने अपनी फेसबुक पोस्ट और ट्विटर हैंडल के जरिए यह जानकारी साझा की है। उन्होंने लिखा है कि वह राष्ट्र बेहतरी के लिए सांसद बने हैं और उनसे जो बन पड़ेगा, करेंगे। बता दें कि हरभजन सिंह कुछ समय पहले ही आम आदमी पार्टी से पंजाब से राज्यसभा के सांसद चुने गए हैं।
जानकारी अनुसार, जालंधर के रहने वाले हरभजन सिंह की पहले भाजपा में शामिल होने की चर्चा थी। यहां तक कि पंजाब चुनाव में उन्हें सीएम फेस बनाने की तैयारी थी। हालांकि पंजाब में हालात देख भाजपा इससे पीछे हट गई। इसके बाद पंजाब कांग्रेस के तत्कालीन प्रधान नवजोत सिद्धू भज्जी से मिले। तब पूरी उम्मीद थी कि भज्जी कांग्रेस में शामिल होंगे। हालांकि वह चुनाव नहीं लड़ना चाहते थे। इसके बाद अचानक वह आम आदमी पार्टी में शामिल हुए और आप ने उन्हें पंजाब से राज्यसभा भेज दिया।







