जालंधरः मंदिर से लौट रहे मोटरसाइकिल सवार पति-पत्नी को कार ने मारी टक्कर, युवक की टांग की बिखरी हड्डियां
जालंधरः महानगर के अधीन आते किशनपुरा चौक और लम्मा पिंड चौक के मध्य पड़ते संतोखपुरा में शुक्रवार देर रात उस वक्त भयानक हादसा हो गया, जब तेज रफ्तार कार ने मोटरसाइकिल से घर लौट रहे नव-विवाहित जोड़े को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयंकर थी कि इस हादसे में मोटसाइकिल चला रहे युवक की टांग ही शरीर से अलग हो गई और हड्डियां सड़क पर बिखर गईं। वहीं, घटना स्थल से कार चला रहा युवक मौके से फरार हो गया, जबकि कार में बैठे दो युवकों को लोगों ने काबू कर लिया।
लोगों ने गंभीर रूप से घायल हुए युवक और उसकी पत्नी को इलाज के लिए तुरंत पठानकोट रोड पर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों द्वारा काबू किए युवकों को गिरफ्त में लिया और अपने साथ थाने में ले गई। वहीं, पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक दो गाड़ियों में सवार थे स्कोडा कार के साथ-साथ एक ब्रेजा गाड़ी भी थी। एक्सीडेंट के बाद कार चलाने वाले युवक को ब्रेजा गाड़ी में सवार युवक ले गए। लोगों ने बताया कि ब्रेजा गाड़ी में सवार युवकों ने एक्सीडेंट के बाद गुंडागर्दी दिखाई। लोगों के साथ मारपीट भी की और पिस्तौल दिखाकर गोली मारने की धमकी भी दी। जबकि कार में सवार दो युवकों को लोगों ने पकड़ लिया और उनकी जमकर धुनाई की। पकड़े गए युवक तरनतारन और अमृतसर के जंडियाला गुरु के रहने वाले बताए जा रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि चालक कार को बहुत तेज चला रहा था। वह लम्मा पिंड से किशनपुरा की तरफ जा रहा था कि संतोखपुरा के पास उसने एक गाड़ी को ओवरटेक करते हुए सामने से आ रहे मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।







