सिद्धू मूसेवाला की हत्या को लेकर ग्रामीणों ने मानसा सिविल अस्पताल के बाहर किया प्रदर्शन, यहां मोर्चरी में रखा है मूसेवाला का शव
मानसाः पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद पंजाब के मानसा में लोग गुस्से मे हैं। सोमवार को मानसा सिविल अस्पताल के बाहर प्रदर्शन किया गया। इसी अस्पताल में सिद्धू मूसेवाला के शव को पोस्टमार्टम के लिए रखा गया है। मानसा में अस्पताल और आसपास के क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात है। प्रदर्शनकारियों ने मूसेवाला की सुरक्षा वापस लिए जाने के फैसले को लेकर राज्य की आम आदमी पार्टी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। विरोध के मद्देनजर मानसा जिले के कई बाजार सोमवार को बंद रहे।
दुकानदारों का कहना है कि सिद्धू मूसावाला ने उनके शहर का नाम पूरी दुनिया मे रोशन किया है। दुकानदार महिंदरपाल ने बताया कि मूसेवाला बहुत ही मिलनसार व्यक्ति थे। चुनाव में अक्सर वह उनके बाजार बारह हटा चौक आते रहते थे। दुकानदारों के साथ उनका काफी लगाव था। लोग बताते है जिस थार पर हमला हुआ उसी थार में वह 2 दिन पहले उनके बाजार में शॉपिंग करने आये थे। इसी बाजार में सिधू मुसेवाला कई बार अपने खेत की फसल लेकर बेचने आते रहते थे। दुकानदार बताते है कि सिद्धू बहुत ही सादगी भरे व्यक्तित्व के मालिक थे।
मानसा जिले के ग्राम मूसा निवासी सिद्धू मूसेवाला की रविवार सायं को दिनदहाड़े हत्या कर दी गई। इसके बाद सिविल अस्पताल के आसपास भारी संख्या में पुलिस तैनात की गई। सोमवार सुबह भी पुलिस ने अस्पताल के चारों ओर बैरिकेडिंग कर रखी है। शहर में आज दुकानें बंद हैं और मूसा गांव में लोग जमा हो रहे हैं। भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है और रात भर पुलिस की गाड़ियां सड़कों पर घूमती नजर आई हैं।







