अमृतसर में शिवसेना-सिख जत्थेबंदियां आमने-सामने, माहौल तनावपूर्ण, अमृतपाल सिंह का पूतला फूकंने के लिए पहुंचे थे शिवसैनिक
अमृतसरः महानगर में वीरवार को उस वक्त स्थिति तनावपूर्ण हो गई जब शिवसेना समर्थक संत सिंह सुखा सिंह चौक पर अमृतपाल सिंह का पूतला फूकंने के लिए पहुंचे। जहां पर उनके विरोध में सिख जत्थेबंदिया भी पहुंच गई जिसके बाद माहौल बिगड़ता देख भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। अंत में पंजाब पुलिस उनके बीच आकर खड़ी हुई और प्रोटेस्ट को स्थगित कर दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार वीरवार दोपहर शिव सेना बाल ठाकरे प्रदर्शन करने के लिए संत सिंह सुखा सिंह चौक पर पहुंच गई। प्रधान संजीव भास्कर ने बताया कि अमृतपाल की तरफ से अजनाला में की गई घटना दुखदायी है। उसने एक तरफ श्री गुरु ग्रंथ साहिब का आसरा लेकर अजनाला पुलिस थाने पर हमला किया, वहीं दूसरी तरफ पुलिस पर दबाव भी बनाया। पुलिस उस पर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं कर रही। जिसके बाद इस प्रोटेस्ट को आयोजित किया गया है।
शिव सेना बाल ठाकरे की तरफ से अमृतपाल सिंह के खिलाफ प्रदर्शन करने की जानकारी मिलते ही सिख जत्थेबंदियां भी चौक पर पहुंच गई। सिख जत्थेबंदियों ने सख्त वॉर्निंग दी कि वे अमृतपाल का पुतला नहीं फूंकने देंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि यह शिव सेना के सदस्य आए दिन सिखों के खिलाफ बोलते हैं और कभी-कभी भिंडरांवाला का पुतला भी जलाते हैं। ऐसा करके ये पंजाब का माहौल खराब करना चाहते हैं।







