माता वैष्णो देवी यात्रा में मची भगदड़ से 12 लोगों की मौत, 14 गंभीर रूप से घायल, नए साल पर भारी संख्या में जुटे थे श्रद्धालु
जम्मूः नए साल के मौके पर माता वैष्णो देवी मंदिर तीर्थ क्षेत्र में भगदड़ मचने से 12 लोगों की मौत हो गई। जबकि 13 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। ये सभी श्रद्धालु नए साल पर माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए आए थे। जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले की पुलिस ने बताया कि फिलहाल राहत एवं बचाव कार्य जारी है और स्थिति नियंत्रण में है। बताया जा रहा है कि नए साल के मौके पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान भगदड़ मच गई। इसके चलते बहुत से श्रद्धालु बिना दर्शन किए ही वापस लौट रहे हैं। मृतक लोगों में दिल्ली, हरियाणा, पंजाब से आए श्रद्धालु शामिल हैं। हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद समेत अन्य लोगों ने खेद प्रकट किया है। और मृतकों के परिजनों को मुआवजे का भी ऐलान किया गया है।
जम्मू-कश्मीर के डीजीपी दिलबाग सिंह ने बताया कि यह हादसा शुक्रवार देर रात ढाई बजे के करीब मंदिर के गर्भगृह के बाहर गेट नंबर तीन के पास हुआ। उन्होंने कहा कि शुरुआती रिपोर्ट्स में हमें यह पता चला है कि कुछ लोगों के बीच बहस हुई थी और धक्का-मुक्की की स्थिति पैदा हो गई। इसके बाद लोग भागने लगे, जिसके चलते यह हादसा हुआ।
वैष्णो देवी मंदिर परिसर के ड्यूटी ऑफिसर जगदेव सिंह ने बताया कि मृतकों में एक शख्स जम्मू-कश्मीर के ही राजौरी का रहने वाला है। इसके अलावा अन्य 11 लोग देश के अलग-अलग राज्यों के हैं। अब तक मृतकों में से 7 लोगों की पहचान कर ली गई है। जबकि 5 अन्य लोगों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नए साल की पूर्व संध्या पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटे थे। मंदिर में करीब 70 से 80 हजार श्रद्धालु पूजा अर्चना के लिए पहुंचे थे।







