जालंधर में दिखाई दिया बंद का व्यापक असर, नहीं खुले बाजार और दुकानें,स्कूलों में रही छुट्टी, भारी पुलिस बल तैनात
जालंधरः महानगर में शुक्रवार को रविदास समाज और वाल्मीकि समाज की तरफ से बंद की काल का अच्छा खासा असर देखने को मिला है। आज शहर में ना तो बाजार खुले और ना ही दुकानें, वहीं तंग बाजारों में भी दुकानदारों ने दुकानें बंद रखी और खुद बाहर बैठे रहे। वहीं इस मौके पर वाल्मीकि समुदाय द्वारा एक मोटरसाइकिल रैली भी निकाली गई। इसी दौरान कई जगह जाम की स्थित भी देखने को मिली।
जानकारी अनुसार जिला प्रशासन ने बंद के मद्देनजर शहर में सुरक्षा को लेकर हर गली- मोहल्ले, चौराहे समेत चप्पे-चप्पे पर पुलिस फोर्स को तैनात कर रखा था। भगवान वाल्मीकि चौक और शहर को अन्य संवेदनशील इलाकों में पुलिस फोर्स ज्यादा तैनात कर रखी थी। बंद के कारण आज बाजारों में भी सन्नाटा ही देखने को मिला। लोग भी बहुत ही कम घरों से निकले। वही निकले जिन्हें कोई ज़रुरी काम था।
शहर में रविदास और वाल्मीकि टाइगर फोर्स के सदस्यों ने शहर के अलग-अलग हिस्सों से बाईक रैलियां निकाली। यह बाईक रैलियां शहर में वाल्मीकि समुदाय द्वारा निकाली जाने वाली शोभायात्रा के रूट के साथ-साथ शहर के लगभग सभी बाजारों से निकलीं। जहां पर भी उन्हें कोई दुकान या संस्थान खुला दिखाई दिया वहीं पर उन्होंने खड़े होकर उसे बंद करवाया और फिर आगे निकले।
बेशक अमृतसर से हुक्मनामा जारी करने वाले वाल्मीकि समुदाय के नेताओं ने मुख्यमंत्री के साथ 19 तारीख को बैठक मिलने के बाद बंद की काल वापस ले ली है, लेकिन जालंधर में रविदास और वाल्मीकि समाज के नेताओं ने बंद की कॉल वापस नहीं ली है। उन्होंने कहा कि जालंधर में आज पूर्ण बंद रखा।









