जानें किस जगह सरकारी अस्पताल में मौतों का सिलसिला जारी, बीती रात 4 बच्चों समेत 7 मरीजों ने तोड़ा दम; अब तक 31 की मौत
मुंबई : महाराष्ट्र के नांदेड़ के सरकारी अस्पताल में मौतों का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है। बीती देर रात 7 और मरीजों की मौत हो गई, जिनमें से 4 बच्चे हैं। 48 घंटे में मरीजों की मौत का आंकड़ा 31 पहुंच चुका है। बीते रोज इसी अस्पताल में 24 मरीजों ने दम तोड़ा था। सरकारी अस्पताल में मरीजों की मौत पर विपक्ष महाराष्ट्र की एकनाथ सरकार पर हमलावर है। शिंदे सरकार की आलोचना करते हुए, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रमुख शरद पवार ने इसे “सरकारी तंत्र की विफलता” कहा। आरोप लगाया कि दो महीने पहले भी ऐसी घटना हुई थी, लेकिन शिंदे सरकार ने सबक नहीं लिया।
Nanded government hospital : इस मामले में अस्पताल के वरिष्ठ डॉक्टर डॉ. श्यामराव वाकोड़े ने कहा था, “पिछले 24 घंटों में लगभग 12 बच्चों की मौत हो गई…12 वयस्कों की भी विभिन्न बीमारियों (सांप के काटने, आर्सेनिक और फास्फोरस विषाक्तता आदि) के कारण मृत्यु हो गई। विभिन्न कर्मचारियों के स्थानांतरण के कारण, हमारे लिए कुछ कठिनाई हुई…हमे हाफकिन इंस्टीट्यूट से दवाएं खरीदनी थीं लेकिन ऐसा नहीं हुआ।” महाराष्ट्र के चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान निदेशक डॉ. दिलीप म्हैसेकर ने पीटीआई-भाषा को बताया कि छत्रपति संभाजीनगर (पूर्व में औरंगाबाद) जिले से तीन सदस्यीय विशेषज्ञ समिति का गठन किया गया है, जिसे आज तक रिपोर्ट सौंपने को कहा गया है।








