बारिश में देखते ही देखते नदी में बह गया 16 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा पुल
दुर्ग : देश के कई राज्यों में मानसून ने दस्तक दे दी है। कई राज्यों में पिछले पांच दिनों से बारिश हो रही है। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में चार दिन से लगातार हो रही बारिश से शिवनाथ, आमनेर और सागनी नदी के संगम पर स्थित सगनी घाट पर 16 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा पुल बह गया। इस निर्माणाधीन पुल के नदी में बहने का नजारा एक स्थानीय व्यक्ति ने अपने मोबाइल में कैद कर लिया।
उस व्यक्ति ने बताया कि इलाके में पिछले चार दिन से बारिश हो रही थी, जिसके चलते वह घाट पर नदी का जलस्तर देखने गया था और इसे फिल्मा भी रहा था। इसी बीच सिल्ली और ननकट्टी गांव को जोड़ने के लिए बनाया जा रहा पुल ढह गया और नदी में बहने लगा। वीडियो वायरल होने के बाद अधिकारियों ने सफाई देते हुए कहा कि अभी पुल में केवल स्टेजिंग और शटरिंग का काम किया था। उसमें कंक्रीट नहीं डला था। अधिकारी ने बताया कि ठेकेदार को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया है।
आपको बता दें कि दुर्ग जिले के सगनी घाट पर बन रहे पुल का निर्माण कार्य 11 नवंबर 2020 को शुरू हुआ था और इसे 11 अप्रैल 2022 तक पूरा हो जाना चाहिए था। इसका मतलब है कि पुल का निर्माण पहले ही डेडलाइन की सीमा को एक साल पार कर चुका है। पुल को बनाने के लिए 16 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। जो वीडियो सामने आया है उसमें साफ देखा जा सकता है कि पहले तो निर्माणाधीन पुल ढहकर मलबे में तब्दील हो जाता है और फिर नदी में बह जाता है। इस दौरान घाट पर काफी संख्या में स्थानीय लोग भी खड़े दिखाई दे रहे हैं। अधिकारियों ने कहा कि दुर्ग जिले में पिछले 4 दिन से लगातार बारिश हो रही है। मोगरा जलाशय से 24,000 क्यूसेक पानी शिवनाथ नदी में छोड़ा गया है। अधिकारियों का तर्क है कि इस अचानक आए पानी का प्रवाह पुल का ढांचा नहीं सह सका और बह गया।








