फैक्ट्री में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर हुआ राख, मौके पर पहुंची दमकल विभाग की गाड़ियां
लुधियानाः महानगर में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब बस्ती जोधेवाल के निकट शक्ति नगर इलाके में स्थित एक धागा फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। आग लगने से वहां रखा लाखों का सामान जलकर राख हो गया। बताया जा रहा है कि आग सुबह करीब 6:00 बजे बिल्डिंग की दूसरी मंजिल से शुरू हुई, देखते ही देखते आग ने सारे माल सहित मशीनों को भी अपनी चपेट में ले लिया। फैक्ट्री से धुंआ निकलता देख आस-पास के लोगों ने तुरंत इसकी सूचना दमकल विभाग को दी। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची दमकल विभाग की गाड़ियां आग को बुझाने में लगी हुई है। फिलहाल आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। वहीं, आग लगने से फैक्ट्री की बिल़्डिंग पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुकी है।
मिली जानकारी अनुसार, आग इतनी भयानक है कि बिल्डिंग की दूसरी मंजिल की दीवारों पर दरारे तक आ गई है। हालांकि, उन्हें डर सता रहा है कि कहीं बिल्डिंग गिर ना जाए। इसीलिए एहतियातन आसपास के घरों को खाली करवाया जा रहा है।







