एनसीबी के पूर्व अधिकारी समीर वानखेड़े को मिली जान से मारने की धमकी, पुलिस जांच में जुटी
मुंबईः नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के पूर्व अधिकारी समीर वानखेड़े को जान से मारने की धमकी मिली है। उन्हें यह धमकी सोशल मीडिया के माध्यम से दी गई है। इस संबंध में समीर वानखेड़े ने गोरेगांव पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। साथ ही उन्हें जो मैसेज आया है वह भी उन्होंने पुलिस के साथ शेयर कर दिया है, जिसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
समीर वानखेड़े ने पुलिस को बताया है कि उन्हें जान की धमकी ट्विटर के जरिए दी गई है। एक नए बने ट्विटर एकाउंट से उन्हें 14 अगस्त को धमकी दी गई। ट्वीट में कहा गया है-तुमको पता नहीं है कि तुमने क्या किया है, तुमको हिसाब देना पड़ेगा। एक दूसरे ट्वीट में कहा गया है कि हम तुमको खत्म कर देंगे। इसके बाद समीर वानखेड़े ने गोरेगांव पुलिस से संपर्क किया और वे प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया में हैं। वानखेड़े का बयान कल दर्ज किया गया था। दरअसल, उन्होंने बीते दिन ही एनसीपी के नेता और पूर्व मंत्री नवाब मलिक के खिलाफ मामला दर्ज कराया था। मामला दर्ज करवाने के अगले ही दिन उन्हें ये धमकी मिली है।
वही, उनकी पत्नी को भी इसी तरह की धमकी मिल रही है। यही वजह है कि परिवार और बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए ही उन्होंने पुलिस से संपर्क किया है। समीर वानखेड़े ने महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री नवाब मलिक के खिलाफ भी पुलिस में मामला दर्ज करवाया था। वहीं पिछले दिनों दिल्ली के राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के दफ्तर पहुंचे समीर वानखेड़े ने बताया था, कि जब से उनके ऊपर गलत आरोप लगाए गए थे, तबसे उनके परिवार ने बेहद तनाव झेला है। उनका कहना है कि अब जान से मारने की धमकी को हल्के में नहीं लिया जा सकता है।







