कनाडा में भारतीयों को बड़ा झटका, पीएम ट्रूडो ने प्रॉपर्टी खरीदने पर लगाया बैन
टोरंटोः नए साल पर कनाडा सरकार ने भारतीयों को बड़ा झटका दिया है। बता दें कि कनाडा सरकार ने विदेशियों के लिए प्रॉपर्टी खरीदने पर प्रतिबंध लगा दिया है। यह प्रतिबंध नए साल के पहले दिन ही लागू हो गया है, संपति में वृद्धि के कारण यह निर्णय लिया गया है। कनाडा सरकार ने इस नियम को लागू करने के साथ यह भी स्पष्ट किया है कि ये प्रतिबंध सिर्फ शहर के आवासों पर ही लागू होगा। ग्रीष्मकालीन कॉटेज जैसी प्रॉपर्टी पर यह प्रतिबंध लागू नहीं होगा। गौरतलब है कि कनाडा सरकार इससे पहले स्टडी व पीआर वीजा एप्लाई करने वालों को भी झटका दे चुकी है और बीते साल बड़ी संख्या में वीजा रिजेक्ट किए गए थे।
जिक्रयोग्य है कि कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने 2021 में चुनाव अभियान के दौरान ही लोगों की सुविधा के लिए प्रॉपर्टी को लेकर यह प्रस्ताव रखा था। कनाडा में बढ़ती कीमतों की वजह से कई लोग घर नहीं खरीद पा रहे। स्थानीय लोगों को फायदा पहुंचाने के लिए यह फैसला लिया गया है। कनाडा में घर खरीदने वालों की मांग बीते कुछ समय से काफी अधिक बढ़ी है। लोग कनाडा में प्रॉफिट प्रॉपर्टी खरीदने व बेचने में लगे हैं। सरकार ने साफ किया है कि घर लोगों के लिए हैं, निवेशकों के लिए नहीं। सरकार ने गैर-कनाडाई अधिनियम के तहत रेजिडेंशियल प्रॉपर्टी को खरीदने पर बैन लागू किया है।







