टोरंटो की टिकट के नाम पर फगवाड़ा की फर्म ने ठगे एक लाख रुपए, पठानकोट के कारोबारी ने दर्ज करवाया केस
पठानकोटः पठानकोट के मामून निवासी एक युवक ने फगवाड़ा की फर्म पर टोरंटो की टिकट के नाम पर एक लाख की धोखाधड़ी करने का मामला दर्ज करवाया है। थाना मामून की पुलिस को दी शिकायत में साहिल महाजन निवासी माडर्न संदीपनी स्कूल पठानकोट ने बताया कि उसने टोरंटो जाने के लिए फगवाड़ा की फर्म से टिकट बुक करवाई थी। इस आफिस से इमीग्रेशन सर्विस, वर्क और स्टडी वीजा, टूर पैकेज और टिकटिंग का काम किया जाता है।
उसकी बंगा निवासी हरप्रीत सैनी केयर आफ सैनी ट्रैवल नियर बसरा पैलेस बंगा रोड फगवाड़ा के साथ दो टिकटें टोरंटो के लिए बुक करवाने संबंधी 1 लाख 48 हजार रुपये प्रति टिकट की बातचीत हुई थी। उसने 26 नवंबर, 2021 को अपनी फर्म के खाते से हरप्रीत सैनी के खाते में कुल 2.50 लाख रुपये आनलाइन ट्रांसफर किए। उस व्यक्ति ने उसे कहा कि टिकटें एक जनवरी, 2022 तक कंफर्म हो जाएंगी, लेकिन तय समय पर टिकटें नहीं दीं।
जब उन्होंने अपने पैसे वापस मांगे तो पर कुल रकम से डेढ़ लाख रुपये ही वापस किए गए। बाकी एक लाख रुपये नहीं दिए गए। शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपित ने टोरंटो की दो टिकटें बुक करने के लिए ढाई लाख रुपये लेकर टिकटें बुक न करके और एक लाख वापस न करके ठगी की है। जिसके बाद मामून कैंट पुलिस ने हरप्रीत सैनी के खिलाफ केस दर्ज कर मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।







