
मुख्यमंत्री भगवंत मान का एक और बड़ा ऐलान, पंजाब पर चढ़ा 3 लाख करोड़ कर्जा कहां खर्च हुआ, जांच कर रिकवरी करेंगे
चंडीगढ़ः पंजाब में आम आदमी पार्टी द्वारा सत्ता संभालने के बाद सीएम भगवंत मान लोगों से किए गए वायदों को लगातार पूरा करने में जुटे गए हैं। जिसके तहत उन्होंने पंजाब के लोगों को 600 यूनिट फ्री बिजली का तोहफा दिया, वहीं अब पंजाब के सिर चढ़ा 3 लाख करोड़ के कर्ज के संबंध में भी बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि सरकार 3 लाख करोड़ कर्ज की जांच करवाएगी और यह पैसा कहां खर्च किया गया और कहां इस्तेमाल हुआ है इसकी जांच कर रिकवरी करवाई जाएगी।
जिक्रयोग्य है कि सीएम भगवंत मान के ऐलान के बाद अब पंजाब की पिछली सरकारों की मुश्किलें भी बढ़ सकती हैं क्योंकि पंजाब में पिछले करीब 70 साल से कांग्रेस और अकाली दल की अगुवाई वाली ही सरकारें रही हैं। सीएम मान ने कहा कि सब कहते हैं कि पंजाब पर 3 लाख करोड़ का कर्जा है। कैसे गारंटी पूरी करेंगे। मान ने कहा कि पिछले कई सालों से न तो पंजाब में कोई अस्पताल बना और न ही कोई सरकारी स्कूल-कॉलेज। कोई नई सरकारी यूनिवर्सिटी भी नहीं बनी। जो पहले की बनी हैं, वह भी घाटे में चल रही हैं। सड़कें भी प्राइवेट कंपनियों ने बनाई हैं। फिर कर्जा कहां गया?
यह कर्जा कुछ पहाड़ियों की जड़ों में पड़ा है। मुझे पता है कि कर्जा कहां-कहां है? इसकी हमें रिकवरी करनी है। यह पैसा लोगों का है। हम इसे यह कहकर नहीं छोड़ सकते कि जो हो गया, सो हो गया। मान ने कुछ दिन पहले पंजाब में हर घर को प्रति महीने 300 यूनिट बिजली फ्री की घोषणा की थी। इस दौरान कर्ज के खर्च का मुद्दा उठाया था।







