प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिले कैप्टन अमरिंदर सिंह, पंजाब के अलग-अलग मुद्दों पर की चर्चा
चंडीगढ़ः पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और पंजाब लोक कांग्रेस के संस्थापक कैप्टन अमरिंदर सिंह ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मुलाकात की। इस दौरान उनके साथ बेटे रणइंदर सिंह भी मौजूद थे। कैप्टन ने ट्विट करके जानकारी देते हुए बताया कि पीएम नरेंद्र मोदी से उन्होंने मुलाकात की और पंजाब से जुड़े अलग-अलग मुद्दों पर विचार विमर्श किया। कैप्टन ने कहा कि मुलाकात के दौरान उन्होंने राज्य और देश की सुरक्षा के लिए मिलकर काम करने का संकल्प लिया, यह हम दोनों के लिए हमेशा प्रमुख विषय रहा है और आगे भी रहेगा।
बता दें कि, कैप्टन अमरिंदर सिंह हाल ही में विदेश से इलाज करवाकर लौटे हैं। इसके बाद वह कुछ दिनों तक पंजाब के सियासी मैदान से दूर रहे। हालांकि अब फिर उन्होंने अपनी गतिविधि बढ़ा दी है। देश में 2024 में लोकसभा चुनाव होने हैं, ऐसे में कैप्टन की पंजाब में भूमिका अहम हो सकती है। यह मुलाकात ऐसे वक्त भी हो रही है, जब भाजपा में संगठनात्मक बदलाव की बात हो रही है।
जिक्रयोग्य है कि कैप्टन को कांग्रेस ने पंजाब चुनाव से साढ़े 3 महीने पहले सीएम की कुर्सी से हटा दिया। वह कांग्रेस छोड़ भाजपा के साथ आ गए। हालांकि वह कोई कमाल नहीं दिखा सके। 117 में से भाजपा सिर्फ 2 सीटें जीती। वहीं कैप्टन अपने ही गढ़ पटियाला से हार गए। अब लोकसभा चुनाव को लेकर भाजपा फिर कैप्टन पर दांव खेलेगी या नहीं, इसको लेकर भी चर्चाएं हो रही हैं।







